Rajasthan Weather: राजस्थान में पिछले दिनों से मानसून सिस्टम कमजोर दिखाई दे रहा है। वहीं राहत की खबर यह है कि कुछ दिनों में मानसून की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी राजस्थान के ऊपर बना दबाव कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदल चुका है। जबकि मानसून ट्रफ अमृतसर, करनाल से होकर उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, 20 जुलाई से पूर्वी राजस्थान में बारिश होने की संभावना है। वहीं 22 जुलाई से 28 जुलाई के बीच पश्चिमी राजस्थान में भी मानसून एक्टिव हो सकता है। ऐसे में किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ऐसे में माना जा रहा है कि आने वाले दो दिनों तक राजस्थान के ज्यादातर क्षेत्रों में मानसून अपेक्षाकृत कमजोर रह सकता है। वहीं 21 जुलाई से कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ जिलों में बारिश बढ़ेगी।
मानसून फिर होगा एक्टिव
फिलहाल जोधपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही संभावना बताई जा रही है कि अजमेर और उदयपुर संभाग में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। दूसरी ओर भरतपुर, जयपुर, कोटा और बीकानेर संभाग में बारिश की गतिविधियां कम होने की उम्मीद है।
20 जुलाई से बदलेगा मौसम का मिजाज
विभाग का कहना है कि भारी बारिश से अगले लगभग एक सप्ताह तक राहत मिल सकती है। वहीं 28 जुलाई के आसपास पूर्वी राजस्थान में बारिश का एक नया दौर एक्टिव होने की आशंका है। ऐसे में राजस्थान के कई जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं मौसम विभाग द्वारा सलाह दी गई है कि मेघगर्जन और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न हों। साथ ही जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है।