Rajasthan Weather: राज्य में मई की शुरुआत काफी राहत भरी रही। जहां इस महीने में झुलसाने वाली गर्मी का दौर शुरू हो जाता है, वहीं इस बार लोगों को मई की शुरुआत में गर्मी से काफी राहत मिलती दिखाई दी। राज्य के कई इलाकों में धूल भरी आंधी के साथ बारिश देखने को मिली, जिससे तापमान में काफी गिरावट हुई। ऐसे में गर्मी भी कम हुई।
आंधी और बारिश की गतिविधियां अब कम हो सकती हैं
इसी बीच आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने के साथ तापमान में बढ़ोतरी होने की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, ज्यादातर हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियां अब कम हो सकती हैं। मौसम विभाग द्वारा बताया गया कि आने वाले चार दिनों में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। वहीं 9 मई तक जोधपुर संभाग के कई हिस्सों में 45 डिग्री सेल्सियस तक तापमान पहुंचने की आशंका जताई गई है।
यह भी पढ़ें- Vande Bharat Update: कोटा में वंदे भारत ट्रेनसेट का हाई-स्पीड ट्रायल सफल, 180 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ी
कुछ जिलों में हल्की बारिश भी देखने को मिली
बताया जा रहा है कि 9 मई से हीटवेव का दौर शुरू हो सकता है, जिसमें जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर और उसके आसपास के इलाकों में तेज गर्मी देखने को मिल सकती है। बताया जा रहा है कि 8 मई तक 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।वहीं अगर बीते दिन यानी बुधवार की बात करें, तो ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहा। वहीं कुछ जिलों में हल्की बारिश भी देखने को मिली। आपको बता दें कि फलोदी सबसे गर्म जिला रहा, जहां का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।