Fog and cold in Rajasthan: पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में ठंड का दौर जारी है। इस विक्षोभ के कारण राज्य के कई हिस्सों में कोहरे की चादर छाई हुई है। शुक्रवार (19 दिसंबर) को उत्तर-पूर्वी इलाकों के कुछ हिस्सों में फिर से कोहरा देखा गया। हालांकि, बाकी हिस्सों में मौसम सामान्य रहा।
शनिवार सुबह (20 दिसंबर) को भरतपुर संभाग और आसपास के इलाकों में भी घना कोहरा छाने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, इस पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सीकर जिले के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रहा।
अगले 3 दिनों तक पश्चिमी राजस्थान में छाए रहेंगे बादल
पश्चिमी विक्षोभ का असर अगले तीन दिनों तक जारी रहने की उम्मीद है। 22 दिसंबर तक पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी का भी अनुमान है। हालांकि, राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा।
24 दिसंबर से तेज होगी शीतलहर
मौसम विभाग ने बताया है कि 24 दिसंबर से उत्तरी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में फिर से दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। 23 और 24 दिसंबर को राज्य के पश्चिमी और उत्तरी क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने की भी संभावना है।








