Rajasthan Weather: राजस्थान में मानसून की गतिविधियां अभी तक पूरी तरह खत्म नहीं हुई हैं। उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना लो-प्रेशर एरिया लगातार एक्टिव है। ऐसे में मौसम विभाग का कहना है कि यह सिस्टम आने वाले दो दिनों में उत्तर-पूर्व दिशा की ओर आगे बढ़ सकता है। ऐसे में आज राजस्थान में भारी बारिश और आंधी का दौर रहने की संभावना जताई जा रही है।
कई जिलों में मौसम विभाग की चेतावनी
मानसून ट्रफ अनूपगढ़ और अलवर से होते हुए लो-प्रेशर एरिया के केंद्र तक पहुंच रही है। वहीं, इसी वजह से राजस्थान में मानसून ज्यादा एक्टिव है। पश्चिमी राजस्थान की बात करें तो यहां के इलाकों में बारिश की गतिविधियां कम देखने को मिल सकती हैं। वहीं, कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की आशंका जताई जा रही है।
लो-प्रेशर एरिया का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, आज भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश होने की आशंका है। वहीं, कोटा और अजमेर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। बताया जा रहा है कि उदयपुर संभाग में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
वहीं, चित्तौड़गढ़ और करौली सहित सवाई माधोपुर में भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बताया जा रहा है कि अजमेर, अलवर, बूंदी, दौसा और कोटा में भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन इलाकों में बारिश होने की भी संभावना है। अगर राजस्थान के पश्चिमी हिस्से की बात करें तो यहां मौसम को लेकर कोई खास चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं, संभावना है कि यहां कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश हो सकती है।







