Rajasthan Weather: राजस्थान में गर्मी का कहर लगातार जारी है। वहीं, पिलानी और चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। राजस्थान के ज्यादातर शहरों का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है।
अगर जयपुर की बात करें, तो वहां का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। इसके साथ ही मौसम विभाग द्वारा हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि आने वाले चार से पांच दिनों में गर्मी और भी ज्यादा बढ़ सकती है। आज हीटवेव को लेकर राजस्थान के सात जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पांच जिलों में लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
लू जैसी स्थिति बने रहने की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, श्रीगंगानगर में 46.1 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर में 46 डिग्री सेल्सियस, वनस्थली में 45.6 डिग्री सेल्सियस, बाड़मेर में 45.1 डिग्री सेल्सियस और कोटा में 45.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है। इसके साथ ही मौसम विभाग का कहना है कि आगामी दिनों में राजस्थान में मौसम शुष्क बने रहने की आशंका है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में लू जैसी स्थिति बने रहने की संभावना है।
गर्मी से किसी तरह की राहत मिलने की उम्मीद नहीं
बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में गर्मी से किसी तरह की राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। ऐसे में लोगों को गर्मी से बचने के घरेलू उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और तेज धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।









