Rajasthan Weather: राजस्थान में मौसम पूरी तरीके से बदल चुका है। राजस्थान में आज सुबह मौसम विभाग द्वारा चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में विभाग द्वारा 6 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के मुताबिक अलवर, भरतपुर, धौलपुर में आज आंधी, बादल गरजने के साथ वज्रपात होने की संभावना जताई गई है। 

80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की उम्मीद

मौसम विभाग का कहना है कि इन जिलों में 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की उम्मीद है। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे बिजली के खंभों, होर्डिंग जैसी चीजों के नीचे न ठहरें। वहीं, जालौर, उदयपुर, पाली तथा जोधपुर जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है।

आने वाले 2 दिनों में लू की संभावना कम

वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक दिन और रात के अधिकतम तापमान में गिरावट देखी गई है। पिछले हफ्ते जहां अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका था, वहीं अब तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। ऐसे में एक्सपर्ट का कहना है कि फिलहाल आने वाले 2 दिनों में लू की संभावना कम है। इसके साथ ही बारिश होने से उमस बढ़ सकती है। हालांकि, आने वाले दिनों में लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।