Rajasthan Weather: राजस्थान के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग द्वारा चेतावनी जारी की गई है। जयपुर की बात करें तो यहां आंधी के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी के बाद बादलों की आवाजाही शुरू हो चुकी है। मौसम विभाग के मुताबिक, एक नया सिस्टम सक्रिय होने से उत्तर-पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इसका असर अजमेर, बीकानेर और भरतपुर संभाग के कई जिलों में देखने को मिलेगा। देखा जा रहा है कि प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल चुका है।
भीषण गर्मी से मिलेगी राहत
मौसम विभाग का कहना है कि जहां पिछले दिनों अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर था और लोग भीषण गर्मी तथा लू से परेशान थे, वहीं अब मौसम में अचानक बदलाव आने से राहत मिल सकती है। आने वाले 2 से 3 दिनों में राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र सहित जयपुर और बीकानेर संभाग में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आ सकती है। वहीं कुछ जगहों पर इसकी गति और भी ज्यादा बढ़ सकती है। इसे लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक की आशंका
जयपुर की बात करें तो उसके आसपास के इलाकों में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक की आशंका है। जयपुर में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में दोपहर के बाद तेज हवाएं और बारिश हो सकती है। वहीं अगर पश्चिमी राजस्थान की बात करें तो बीकानेर संभाग में मौसम विभाग द्वारा आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही बीकानेर, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है।







