Rajasthan Weather: राजस्थान में फिर मौसम का नया दौर शुरू होने वाला है। मौसम विभाग का कहना है कि 12 सितंबर से एक बार फिर बारिश की गतिविधियां शुरू होने की आशंका है। ऐसे में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश देखने को मिल सकती है। बताया जा रहा है कि आने वाले 3 घंटे में सीकर, कोटपूतली, जयपुर, दौसा, सवाई माधोपुर और उसके आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी आशंका है। इसके अलावा इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।

पश्चिमी इलाकों में रहेगा सूखा

अगर पश्चिमी राजस्थान की बात करें तो जोधपुर और बीकानेर संभाग के ज्यादातर इलाकों में आने वाले सप्ताह में मानसून की गतिविधियों में कमी देखने को मिल सकती है। ऐसे में यहां मौसम शुष्क रह सकता है। वहीं, बीते 24 घंटे की बात करें तो राजस्थान में बारिश सीमित रही। अलवर, कोटपूतली और सीकर में कुछ जगहों पर बारिश देखने को मिली। बीते दिन सबसे ज्यादा बारिश राजसमंद के नाथद्वारा में हुई, जहां 28 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके साथ ही गंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू के कुछ इलाकों में बादल छाए रहे। वहीं, कल बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं चलीं। सीकर में काफी तेज बारिश हुई, जिस वजह से कुछ जगहों पर पानी भी भर गया। ऐसे में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें- JLN Hospital: डेंगू और H1N1 की रोकथाम के लिए अस्पताल प्रशासन सख्त, छुट्टी के दिन भी होंगी जांच

वहीं, बताया जा रहा है कि इस मानसून सीजन में राजस्थान में बारिश सामान्य से कम रही है। अब तक केवल चार जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश देखने को मिली है। भरतपुर में 1 जून से 6 सितंबर तक सामान्य बारिश 481.7 एमएम के मुकाबले 638.8 एमएम बारिश हो चुकी है। पूरे राजस्थान में मानसून सीजन के दौरान बारिश सामान्य से कम हुई है। राजस्थान में अभी सामान्य बारिश का कोटा पूरा होने के लिए लगभग 111 एमएम बारिश की जरूरत है। मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी राजस्थान में आने वाले चार से पांच दिनों तक मानसून कमजोर रहेगा। वहीं, भरतपुर और कोटा संभाग में कुछ जगहों पर बारिश होने की आशंका है। 12 सितंबर से राजस्थान में बारिश का एक नया दौर शुरू हो सकता है।