Rajasthan SI Re Exam: राजस्थान लोक सेवा आयोग ने डमी कैंडिडेट के कारण निरस्त हुई सब इंस्पेक्टर भर्ती 2021 की पुनः परीक्षा को इस बार फुलप्रूफ बनाने के लिए अभ्यर्थी की पहचान सत्यापन को तीन स्तर पर करने की व्यवस्था की है। पहली बार फेस रिकग्निशन और थंब इम्प्रेशन आधारित बायोमैट्रिक सत्यापन के साथ मूल फोटो पहचान पत्र की जांच होगी। 20 सितंबर को होने वाली परीक्षा में अजमेर सहित 11 जिलों में करीब 2.25 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। इनके लिए करीब 700 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

पुरानी फोटो भी बन सकती है परेशानीः आयोग सचिव आशुतोष गुप्ता ने अभ्यर्थियों को नवीनतम और स्पष्ट फोटो वाला मूल रंगीन आधार कार्ड लेकर आने को कहा है। आधार पर फोटो पुरानी या अस्पष्ट होने पर ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या मतदाता पहचान पत्र जैसे अन्य मूल फोटो पहचान पत्र लाना होगा। पहचान पत्र पर स्पष्ट और नवीनतम रंगीन फोटो होना जरूरी है। इसके अभाव में केंद्र पर प्रवेश नहीं मिलेगा।

इसलिए दो घंटे पहले पहुंचने की सलाहः फेस रिकग्निशन और बायोमैट्रिक सत्यापन में समय लगने की संभावना को देखते हुए आयोग ने अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी है। परीक्षा शुरू होने से 60 मिनट पहले प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। री-एग्जाम में सामान्य हिंदी का पेपर सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और सामान्य ज्ञान एवं सामान्य विज्ञान का पेपर दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगा। ओएमआर में पांचवें विकल्प को भरने के लिए दोनों पेपर में 10-10 मिनट अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा।

2021 में आयोग ने 13 से 15 सितंबर तक तीन दिन तक एसआई भर्ती 2021 का आयोजन किया था। तीन दिन तक चली इस भर्ती परीक्षा के लिए 7.97 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे। इनमें से 3.83 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में बैठे थे। इस बार एक ही दिन में परीक्षा हो रही है। पुनः परीक्षा में बैठने वाले अभ्यर्थियों की संख्या भी मूल परीक्षा की तुलना में एक लाख से अधिक कम है।