Indian Railways: गुजरात और महाराष्ट्र हो रही बारिश के बीच पश्चिम रेलवे के घोलवड़ और उमरगाम रोड स्टेशनों के बीच बने ब्रिज नंबर 203 पर पानी खतरे के निशान तक पहुंच गया है। वहीं पटरियों पर भारी जलभराव के कारण रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से ट्रेनों का मूवमेंट पूरी तरह रोक दिया है।

इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही बंद होने का सबसे बड़ा और सीधा असर राजस्थान से मुंबई जाने वाले रेल यात्रियों पर पड़ रहा है। सबसे ज्यादा प्रभावित उदयपुर से बांद्रा (मुंबई) के बीच चलने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस हुई है, जिसे रेलवे ने दोनों दिशाओं से रद्द कर दिया है।

उदयपुर से मुंबई जाने और वहां से लौटने वाले लोगों के लिए फिलहाल इस रूट पर यात्रा का कोई दूसरा रेल विकल्प नहीं बचा है। इसके अलावा अजमेर और जयपुर से मुंबई की तरफ जाने वाली प्रमुख ट्रेनों के रूट को भी बीच रास्ते में ही खत्म कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि गाड़ी संख्या 22901 (बांद्रा टर्मिनस-उदयपुर सिटी): यह ट्रेन 23 जुलाई को बांद्रा से नहीं रवाना हुई। वहीं गाड़ी संख्या 22902 (उदयपुर सिटी-बांद्रा टर्मिनस): यह ट्रेन 24 जुलाई को उदयपुर से रद्द रहेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पटरियों से पानी उतरने और ट्रैक की सुरक्षा जांच पूरी होने के बादही इस रूट पर रेल यातायात बहाल किया जाएगा।