Rajasthan Weather: राजस्थान में मानसून धीरे-धीरे विदाई की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। इस वजह से लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। पश्चिमी राजस्थान में मानसून धीरे-धीरे वापस जा रहा है। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि अगले कई दिनों तक मौसम शुष्क बना रह सकता है। बीते दिन मंगलवार की बात करें तो राजस्थान के पश्चिमी हिस्से में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिला। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं बीकानेर में 40.6 डिग्री और बाड़मेर में 44.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि बारिश की गतिविधियां कम होने के कारण वातावरण में नमी घट रही है। आसमान साफ हो रहा है। इस वजह से धूप का असर भी ज्यादा बढ़ रहा है। यही कारण है कि पश्चिमी राजस्थान के साथ-साथ राजस्थान के कई अन्य शहरों में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है। वहीं बारिश नहीं होने और गर्म हवाओं के चलते बाकी जगहों पर भी गर्मी बढ़ने लगी है। बताया जा रहा है कि 23 सितंबर से 28 सितंबर तक पश्चिमी राजस्थान में किसी भी तरह की कोई चेतावनी नहीं दी गई है। आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।

वहीं जयपुर, अजमेर, कोटा और अलवर जैसे शहरों में बारिश नहीं होने की उम्मीद है। राजस्थान में इस बार मानसून के दौरान बारिश का वितरण कई हिस्सों में असमान रहा। वहीं पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में मानसून के अंतिम समय में बारिश कम देखने को मिली। इस वजह से कई इलाकों में सूखे जैसे हालात बन गए। अब मानसून की विदाई के साथ-साथ इन क्षेत्रों में बारिश की उम्मीद और भी कम हो गई है। फिलहाल राजस्थान के मौसम की बात करें तो यहां मौसम बारिश से गर्मी की ओर बदलता दिख रहा है। सितंबर के अंतिम सप्ताह में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। लोगों को दोपहर के समय जून जैसी गर्मी का एहसास हो रहा है। वहीं सुबह-शाम के समय कुछ राहत मिल रही है।