राजस्थान में एक बार फिर मानसून एक्टिव हो रहा है। मौसम विभाग ने बताया है कि 12 सितंबर से राजस्थान में बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में तापमान में गिरावट हो सकती है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

बादल छाए रहने की संभावना

आज कोटा और भरतपुर संभाग में मौसम सबसे ज्यादा एक्टिव रहने की आशंका है। कोटा, बारां, झालावाड़, बूंदी, करौली, सवाई माधोपुर और भरतपुर में भारी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में कई जगहों पर मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही जयपुर, दौसा, सीकर और झुंझुनूं में बादल छाए रहने की संभावना है। साथ ही गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। दोपहर बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। यहां हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका जताई जा रही है।

कोटा-भरतपुर में भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान में भारी बारिश की गतिविधियां आने वाले दिनों में भी बनी रह सकती हैं। ऐसे में भारी बारिश वाले जिलों में मौसम विभाग के अलर्ट पर ध्यान दें। इन इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और जलभराव वाले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी जाती है।