rajasthanone Logo
Rajasthan Weather: राज्य में लगातर गर्मी का कहर जारी है। वहीं आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। आइए जानते हैं राज्य के मौसम का हाल।

Rajasthan Weather: राजस्थान में इन दिनों भीषण गर्मी का कहर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक 27 मई तक ज्यादातर हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना रह सकता है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के जिलों में हालत बहुत ही खराब है। बीकानेर, जैसलमेर और फलोदी में ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। इन क्षेत्रों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में यहां के तापमान में और भी बढ़ोतरी हो सकती है।

वहीं अगर बाड़मेर, चूरू, श्रीगंगानगर और जोधपुर की बात करें तो यहां पर भी लगातार लू देखने को मिल रही है। दोपहर के समय इतनी तेज हवाएं चल रही हैं कि लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में लोगों को दोपहर 12:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

वहीं पूर्वी राजस्थान की बात करें तो यहां के कई जिलों में भी तेज गर्मी पड़ रही है। धौलपुर, झालावाड़, कोटा और प्रतापगढ़ जिलों को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं जयपुर, अजमेर और उदयपुर को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन यहां भी तापमान बढ़ता जा रहा है। जयपुर के अधिकतम तापमान की बात करें तो यहां का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक 29 मई तक राज्य के कई हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में कुछ इलाकों के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ 28 मई के बाद उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में मौसम में हल्के बदलाव देखने को मिल सकते हैं। राजस्थान में सबसे अधिक तापमान जैसलमेर में रिकॉर्ड किया गया, जहां तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा फलोदी में 45.0 डिग्री सेल्सियस, बाड़मेर में 45.1 डिग्री सेल्सियस और बीकानेर में 44.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

इस गंभीर स्थिति में आमजन, पशु-पक्षी और किसान सभी काफी प्रभावित हो रहे हैं। मौसम विभाग द्वारा किसानों के लिए चेतावनी जारी की गई है कि वे खुले आसमान के नीचे फसलें, अनाज और कृषि जिंस न रखें। इन्हें सुरक्षित स्थान पर या ढककर रखें। किसानों को दोपहर के समय खेतों में काम न करने की सलाह दी गई है।

5379487