Rajasthan Weather: राजस्थान में नौतपा की शुरुआत भीषण गर्मी के साथ हुई है। वहीं, बीते दिन सोमवार को ज्यादातर जगहों पर तेज धूप और गर्म हवाएं देखने को मिलीं। ऐसे में लोगों का जीवन काफी प्रभावित हो रहा है। लगातार तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। वहीं, कई शहरों का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच चुका है। सबसे ज्यादा तापमान कोटा में 45.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
19 जिलों में हीटवेव को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने आज 19 जिलों में हीटवेव को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 16 जिलों में धूल भरी हवाएं, हल्की बारिश और आंधी की संभावनाएं भी जताई हैं। राजस्थान में लगातार बढ़ती गर्मी के बीच राहत की खबर सामने आई है कि मौसम विभाग के मुताबिक 27 या 28 मई को पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो सकता है। ऐसे में राजस्थान के मौसम में बदलाव होने की उम्मीद है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं, हल्की बारिश और ओलावृष्टि होने की आशंका है।
कोटा सबसे ज्यादा गर्म शहर रहा
बीते दिन की बात करें तो कोटा सबसे ज्यादा गर्म शहर रहा। इसके अलावा चित्तौड़गढ़ और श्रीगंगानगर में भी अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पिलानी का अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस, अलवर में 44.4 डिग्री सेल्सियस और बीकानेर में 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, जयपुर की बात करें तो यहां का तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ऐसे में लोगों को रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। वहीं, न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
रात में गर्मी और लू का असर देखने को मिल रहा है
नगर निगम द्वारा सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है, ताकि लोगों को गर्मी से राहत मिल सके। चित्तौड़गढ़, फलोदी, बीकानेर, चूरू और करौली की बात करें तो यहां भी रात में गर्मी और लू का असर देखने को मिल रहा है। उदयपुर में तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस, अजमेर में 41.5 डिग्री सेल्सियस, जोधपुर में 44.4 डिग्री सेल्सियस और फतेहपुर में 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
दिन के समय बाहर न निकलें
ऐसे में मौसम विभाग द्वारा लोगों को सलाह दी गई है कि वे दिन के समय बाहर न निकलें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। इसके साथ ही लू से बचने के लिए घरेलू उपाय अपनाएं। उम्मीद है कि 28 मई के बाद मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं।










