Rajasthan Weather: राज्य में लगातार गर्मी का कहर जारी है। वहीं ज्यादातर जिलों का अधिकतम तापमान 44 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। वहीं मौसम विभाग द्वारा सामान्य से कम बारिश की आशंका भी जताई गई है। जयपुर मौसम केंद्र की तरफ से 22 मई से 4 जून तक का पूर्वानुमान जारी किया गया है। इसके मुताबिक राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं बताया जा रहा है कि 22 मई और 23 मई को एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो सकता है, जिसके चलते उत्तरी और उत्तर-पश्चिम राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश, बूंदाबांदी, आंधी और तेज हवाएं चलने की आशंका है।
मौसम शुष्क बने रहने की आशंका
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 2 सप्ताह तक राजस्थान में बारिश की गतिविधियां सामान्य से कम रहने की उम्मीद है। वहीं दूसरे हफ्ते में राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि बाकी जगहों पर मौसम शुष्क बने रहने की आशंका है।
यह भी पढ़ें- Jaipur Property News: राजस्थान में महंगा होगा घर बनाना, हाउसिंग बोर्ड बढ़ाएगा जमीनों की आरक्षित दरें
स्वास्थ्य का रखें ख्याल
इसके साथ ही विभाग द्वारा ज्यादातर जिलों में लू को लेकर चेतावनी जारी की गई है। वहीं 24 से 27 मई के बीच कुछ जगहों पर गंभीर लू की स्थिति बन सकती है। जहां लोगों को दिन में भी गर्मी से राहत नहीं है, वहीं लोगों को रात के समय भी गर्मी से जूझना पड़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के कोई संकेत नहीं हैं। ऐसे में लोगों को अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखने की सलाह दी गई है। दिन के समय बाहर न निकलें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।








