Rajasthan Weather: राजस्थान में इन दिनों गर्मी ने काफी तेज रूप अपनाया हुआ है। ऐसे में लोग भीषण गर्मी के चलते काफी परेशान नजर आ रहे हैं। बीते दिन यानी मंगलवार की बात करें तो राजस्थान समेत कई इलाकों में जबरदस्त गर्मी देखने को मिली। वहीं, मौसम विभाग द्वारा आने वाले 24 घंटे में बारिश और धूलभरी हवा चलने की संभावना जताई गई है। इससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ है। वहीं, दोपहर के समय लू चलने के चलते सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है।
प्रतापगढ़ में गर्मी को लेकर येलो अलर्ट जारी
वहीं, मंगलवार को बाड़मेर में अधिकतम तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। आपको बता दें कि बाड़मेर में पिछले एक दशक में कभी भी तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक नहीं पहुंचा था, लेकिन इस बार मई महीने में ही अधिकतम तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। ऐसे में आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
वहीं, मौसम विभाग द्वारा बाड़मेर, जैसलमेर और फलोदी में रेड अलर्ट जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि लू का सबसे ज्यादा असर यहां देखने को मिल सकता है। वहीं, जोधपुर, जालौर, बीकानेर और बालोतरा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही कोटा, झालावाड़, चित्तौड़गढ़ और प्रतापगढ़ में गर्मी को लेकर येलो अलर्ट जारी है।
आज भी पांच जिलों में हो सकती है बारिश
जहां एक तरफ गर्मी का कहर जारी है, वहीं अलवर और भरतपुर में बारिश देखने को मिली। वहीं, झुंझुनूं में बारिश के साथ ओले भी गिरे। ऐसे में तापमान में अचानक गिरावट देखने को मिली है। मौसम विभाग का कहना है कि आज भी पांच जिलों में बारिश हो सकती है। अलवर, डीग, कोटपूतली, खैरथल और झुंझुनूं में हल्की बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।









