Government Scheme Scam: पेपर लीक मामलों की जांच के लिए एसओजी में बनी स्पेशल सेल की तर्ज पर अब सरकारी योजनाओं में घपले और फर्जीवाड़े की जांच के लिए भी विशेष सेल बनेगी। यह सेल सीधे योजनाओं में सेंधमारी कर सरकारी राशि के गबन और फर्जी दस्तावेजों के जरिए योजनाओं का अनुचित लाभ उठाने वाले मामलों की जांच करेगी। पुलिस मुख्यालय स्तर पर इसका मंथन चल रहा है। आगामी दिनों में विशेष सेल का गठन किया जाएगा। 

भाजपा सरकार बनने के बाद पेपर लीक माफियाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसओजी में स्पेशल सेल बनाई गई थी। इसी के आधार पर डीजीपी ने सरकारी योजनाओं में सेंधमारी कर फर्जीवाड़ा करने वालों की जांच के लिए विशेष सेल बनाने के निर्देश दिए थे।

मिली जानकारी के मुताबिक, डीजीपी ने सरकारी योजनाओं में सेंधमारी कर फर्जीवाड़ा करने वाले लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए विशेष सेल बनाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस मुख्यालय अब सेल की कार्यप्रणाली, जिम्मेदारियों और जांच के दायरे को लेकर तैयारियों में जुटा है।

सरकारी योजनाओं में हो रहे घपले को सबसे पहले झालावाड़ पुलिस ने उजागर किया था। आपको बता दें कि किसान सम्मान निधि से लेकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं में मिलने वाली राशि गलत लोगों के खातों में भेजी जा रही थी। झालावाड़ के किसान की सम्मान निधि की राशि फर्जी व्यक्ति केरल में उठा रहा था। इस खुलासे के बाद पुलिस मुख्यालय ने मॉनिटरिंग की तो सामने आया कि इस तरह की सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का गलत लोग लाभ उठा रहे हैं।