Rajasthan College Jaipur: जयपुर सहित प्रदेशभर के सरकारी कॉलेजों में नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। राज्य के करीब 600 सरकारी कॉलेजों में एडमिशन प्रक्रिया 1 मई से शुरू की गई है और छात्र 22 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। वहीं राजस्थान यूनिवर्सिटी (आरयू) से जुड़े महाराजा, महारानी, कॉमर्स और राजस्थान कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया 1 जून से शुरू होगी।

पहली मेरिट लिस्ट में 100% सीटें शामिल

इन पर पिछले साल 40 हजार आवेदन आए थे, जिससे कड़ी प्रतिस्पर्धा का अंदाजा है। आरयू के अनुसार सीबीएसई का रिजल्ट देरी से आने से एडमिशन प्रक्रिया में विलंब हुआ है। कुलगुरु प्रो. अल्पना कटेजा ने बताया कि 100 प्रतिशत सीटों को शामिल करते हुए पहली मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी और 1 जुलाई से सत्र शुरू होगा।

छात्रों का बढ़ा स्किल और जॉब ओरिएंटेड कोर्सों की ओर रुझान

एजुकेशन एक्सपर्ट अर्पित अग्रवाल और आनंद पोद्दार के अनुसार नई शिक्षा नीति से छात्रों का रुझान स्किल डवलपमेंट और जॉब ओरिएंटेड कोर्स की ओर भी बढ़ा है। बैंकिंग, फाइनेंस, एचआर, एआई और रोबोटिक्स जैसे कोर्स भी उपलब्ध होंगे।