राजस्थान में बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए पीएम सूर्यघर योजना के तहत मुफ्त सोलर रूफटॉप लगाने की तैयारी की गई है। जयपुर डिस्कॉम क्षेत्र में अगले महीने से इस योजना का काम शुरू होगा। पहले चरण में हर महीने 150 यूनिट से कम बिजली खर्च करने वाले 96,500 उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर 1.1 किलोवाट क्षमता के सोलर सिस्टम लगाए जाएंगे। इस काम को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
जयपुर डिस्कॉम के 18 सर्कल में तैयारी
जयपुर डिस्कॉम ने अपने सभी 18 सर्कल में सोलर रूफटॉप लगाने के लिए कार्ययोजना तैयार कर ली है। इसके लिए नौ फर्मों को कार्यादेश भी जारी किए जा चुके हैं। योजना के तहत उपभोक्ताओं की अनुमति लेने के बाद ही उनके घरों पर सोलर सिस्टम लगाए जाएंगे।
10 साल तक मुफ्त रखरखाव
योजना की खास बात यह है कि सोलर रूफटॉप लगाने के साथ उसके रखरखाव की सुविधा भी मुफ्त मिलेगी। 1.1 किलोवाट क्षमता वाले सोलर सिस्टम का रखरखाव जयपुर डिस्कॉम की ओर से 10 साल तक किया जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को अतिरिक्त रखरखाव खर्च नहीं उठाना पड़ेगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में लगेंगे 80 प्रतिशत सिस्टम
योजना के तहत शहरी क्षेत्रों की तुलना में ग्रामीण इलाकों में अधिक सोलर सिस्टम लगाने की तैयारी है। करीब 80 प्रतिशत सोलर रूफटॉप ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए जाने की योजना बनाई गई है, ताकि गांवों के अधिक उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिल सके।
तीन लाख घरों तक पहुंचेगी योजना
पीएम सूर्यघर योजना के तहत राजस्थान के तीनों बिजली वितरण निगमों में कुल तीन लाख उपभोक्ताओं के घरों पर सोलर रूफटॉप लगाए जाने का लक्ष्य है। पहले चरण में जयपुर डिस्कॉम क्षेत्र में काम शुरू होगा। इसके बाद अजमेर और जोधपुर डिस्कॉम क्षेत्रों में भी चिह्नित उपभोक्ताओं के घरों पर सिस्टम लगाए जाएंगे।
ऊर्जा सचिव एवं जयपुर डिस्कॉम की प्रबंध निदेशक आरती डोगरा के अनुसार, जयपुर डिस्कॉम क्षेत्र में इन सोलर सिस्टम के जरिए 106 मेगावाट हरित ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। योजना से स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ बिजली उपभोक्ताओं को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।







