Alwar Diwali News: दीपावली पर भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए होप सर्कस, घंटाघर, पंसारी बाजार, सब्जी मंडी और नगर निगम कार्यालय के सामने अस्थायी दुकानें और ठेले लगाने पर रोक रहेगी। फुटकर व्यापारियों को कंपनी बाग रोड पर तैयार हो रहे हाट बाजार में जगह दी जाएगी। इससे बाजारों में रास्ते खुले रखने और लोगों की आवाजाही आसान बनाने में मदद मिलेगी। आगजनी और अन्य दुर्घटनाओं से बचाव के लिए भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
दीपावली पर कंपनी बाग रोड और शिमला रोड को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। शहर के प्रमुख रास्तों और बाजारों में भी विशेष सजावट की जाएगी। आयोजन को भव्य बनाने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से कलाकार अलवर पहुंच चुके हैं। तैयारियां तेजी से चल रही हैं। नगर निगम का प्रयास है कि दीपावली पर शहर में आने वाले लोगों को उत्सव का खास माहौल मिले। आपको बता दें कि कि धनतेरस से बाजारों में साइकिल, स्कूटर और अन्य वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। लोगों से अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करने की अपील की गई है। इससे बाजारों में भीड़ कम होगी और पैदल चलने वालों को परेशानी नहीं होगी। आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य भी आसानी से किए जा सकेंगे।
महापौर सुमनलता अग्रवाल के अनुसार, दीपोत्सव में अलवर और आसपास के क्षेत्रों से पांच लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की संभावना है। हाट बाजार से छोटे व्यापारियों को कारोबार का मौका मिलेगा। साथ ही, स्थानीय बाजारों में खरीदारी बढ़ने की उम्मीद है। महापौर ने शहरवासियों से दीपोत्सव में भाग लेने और शहर को साफ-सुथरा रखने की अपील की है। व्यापारियों से निर्धारित जगहों पर दुकानें लगाने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।







