MBS Hospital Kota: कोटा के एमबीएस अस्पताल परिसर में पार्किंग व्यवस्था को लेकर विवाद और हिंसा का मामला सामने आया है। नो-पार्किंग जोन से गाड़ी हटाने और नियमानुसार 50 रूपए का जुर्माना मांगने पर कुछ युवकों ने पार्किंग कर्मी के साथ गाली-गलौज की और अन्य युवकों को बुलाकर लाठी-सरियों से हमला कर दिया। वहीं हमले में पीड़ित का एक हाथ फ्रैक्चर हो गया है, जबकि सिर, गर्दन और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
Kota Hospital News: पार्किंग स्टैंड संचालक मोहम्मद यूनुस के पार्टनर पीड़ित भगत ने बताया कि एमबीएस अस्पताल के मुख्य गेट के पास नो-पार्किंग क्षेत्र में अवैध रूप से खड़ी गाड़ियों को हटाकर वे पार्किंग परिसर में लाए थे। इसके कुछ ही देर बाद उन्होंने अपने 10 से 15 साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सरियों और लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। भगत के अनुसार हमने में उसका एक हाथ फ्रैक्चर हो गया है। गर्दन, सर और दूसरे हाथ पर गंभीर चोट व घाव के निशान हैं।
हमलावरों ने सरियों और लाठियों से बुरी तरह पीटा है। नियमानुसार नो-पार्किंग क्षेत्र से गाड़ी उठाने पर 50 जुर्माना वसूलने का प्रावधान है। जब गाड़ी मालिक से 50 जुर्माने की रसीद कटवाने को कहा गया, तो युवकों ने फाइन देने से साफ मना कर दिया और बहस करने लगे। पीड़ित के अनुसार, जब युवकों ने पूछा कि बाकी गाड़ियां क्यों खड़ी हैं, तो उन्हें समझाया गया कि वे अस्पताल स्टाफ की गाड़ियां हैं, जो मरीजों की 12-14 घंटे लगातार सेवा करते हैं। इस बात पर युवक आपा खो बैठे और मां-बहन की गालियां देने लगे। भगत और स्टाफ ने थाने में मामले को लेकर शिकायत दी है।









