Rajasthan Fire News:राजस्थान के कोटा और उदयपुर में बुधवार को आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। कोटा शहर के विज्ञान नगर थाना क्षेत्र स्थित झालावाड़ रोड पर सिटी मॉल में सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी फैल गई, वहीं उदयपुर के भटेवर क्षेत्र में एल्युमीनियम फैक्ट्री में भी भीषण आग भड़क उठी।
पूरी बिल्डिंग को खाली कराया गया
दमकल की 10 गाड़ियां लगातार आग बुझाने का प्रयास कर रही हैं। मौके पर सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम और टीम मौजूद हैं। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरी बिल्डिंग को खाली कराया है। करीब 1 से 2 किलोमीटर दूर तक धुंआ फैला हुआ है। लोगों को बाहर से भी हटाया जा रहा है। घटना सुबह 10.30 बजे की है। सूचना के 10 मिनट बाद ही दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई। आग लगने के करीब डेढ़ घंटे बाद काबू पाया गया।
आग मॉल के ऊपरी हिस्से में बर्गर किंग रेस्टोरेंट के पास भड़की, जिसके बाद धुआं और लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं।मॉल में मौजूद लोग घबराकर बाहर की ओर भागते नजर आए। कुछ लोग मौके पर रुककर घटना का वीडियो बनाते रहे।
उदयपुर फैक्ट्री में लगी आग
उदयपुर के भटेवर क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एल्युमीनियम की फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक लाखों रुपएका नुकसान हो चुका था।
आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी
निगम के फायर ऑफिसर अमजद ने बताया की करीब डेढ घंटे पहले ही आग की सूचना मिली थी। बिना समय गवाएं टीमें यहां पहुंची। आग काफी भीषण रूप ले चुकी थी। सब्जी मंडी, श्रीनाथपुरम, भामाशाह मंडी से दमकल बुलावाई गई साथ ही कोटा थर्मल व डीसीएम से भी दमकलें मंगवाई गई। फिलहाल आग पर काबू पा लिया है लेकिन धुआं ज्यादा है, अभी तक कोई जनहानि नहीं हुई है। मौके पर पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद हैं। वहीं आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस, प्रशासन और फायर विभाग की टीमें मौके पर तैनात हैं।








