RBSE 2027 Board Exam: राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया सोमवार से शुरू होगी। नियमित और स्वयंपाठी परीक्षार्थी 6 अगस्त तक सामान्य परीक्षा शुल्क के साथ चालान जनरेट कर सकेंगे। शुल्क 11 अगस्त तक बैंक में जमा कराया जा सकेगा।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि बोर्ड सचिव नीतू यादव ने बताया कि सामान्य परीक्षा शुल्क 850 रुपए निर्धारित है। निर्धारित तिथि के बाद भी विलंब शुल्क के साथ आवेदन का अवसर मिलेगा। 250 रुपए अतिरिक्त शुल्क के साथ 12 अगस्त, 500 रुपए के साथ 18 अगस्त, 850 रुपए के साथ 24 अगस्त और 1500 रुपए शास्ति शुल्क के साथ 1 सितंबर तक चालान जनरेट किए जा सकेंगे। संबंधित शुल्क क्रमशः 17, 21, 29 अगस्त और 5 सितंबर तक बैंक में जमा कराया जा सकेगा।
विशेष श्रेणी के छात्रों को शुल्क में राहत
मुख्य परीक्षा-2027 के आवेदन पत्रों में 7 से 16 सितंबर तक निशुल्क ऑनलाइन संशोधन की सुविधा रहेगी। प्रायोगिक परीक्षा के लिए 200 रुपए प्रति विषय अलग से जमा करने होंगे। विशेष आवश्यकता वाले (सीडब्ल्यूएसएन), दृष्टिबाधित,दिव्यांग तथा युद्ध में वीरगति प्राप्त या अपंग सैनिकों के आश्रित परीक्षार्थियों को परीक्षा शुल्क में छूट दी गई है। ऐसे अभ्यर्थियों को केवल 50 रुपए टोकन शुल्क जमा करना होगा।
जानें अंतिम तिथि और लेट फीस की पूरी जानकारी
बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से परीक्षा शुल्क बढ़ाया था। इससे पहले वर्ष 2017 में फीस संशोधित हुई थी। नई व्यवस्था के तहत नियमित और स्वयंपाठी दोनों श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए सैद्धांतिक परीक्षा शुल्क 850 रुपए तथा प्रायोगिक परीक्षा शुल्क 200 रुपए प्रति विषय निर्धारित किया गया था। बोर्ड के अनुसार महंगाई, प्रश्नपत्र मुद्रण, मूल्यांकन, परिवहन और परीक्षा संचालन की बढ़ती लागत को देखते हुए शुल्क संशोधित किया गया।