Rajasthan Bar Council Member: राजस्थान बार काउंसिल के चुनाव में सीकर के एडवोकेट प्रशांत शर्मा ने जीत हासिल की है। वे बार काउंसिल के सदस्य चुने गए हैं। पूरे प्रदेश के वकीलों द्वारा 25 सदस्यीय बार काउंसिल के लिए हुए मतदान में प्रशांत शर्मा को 2615 वोट मिले और उन्होंने सभी विजयी उम्मीदवारों में छठा स्थान हासिल किया। प्रशांत शर्मा राजस्थान हाईकोर्ट में अधिवक्ता हैं।
एडवोकेट प्रशांत शर्मा ने दर्ज की शानदार जीत
आपको बता दें कि चुनाव परिणाम देखने के लिए सीकर बार एसोसिएशन के सभागार में एलईडी स्क्रीन लगाई गई थी। जैसे ही प्रशांत शर्मा की जीत की घोषणा हुई, सभागार में मौजूद वकीलों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने उन्हें माला पहनाकर और साफा बांधकर जोरदार स्वागत किया और जीत की बधाई दी। जीत के बाद एडवोकेट प्रशांत शर्मा ने कहा कि वे पूरे राजस्थान के वकीलों के साथ-साथ सीकर के अधिवक्ताओं की आवाज को भी मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि वकीलों की मांगों को पूरा करवाने, अधिवक्ताओं के साथ होने वाले अपराधों पर रोक लगाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता से कार्य किया जाएगा।
राजस्थान बार काउंसिल चुनाव परिणाम
ऐसे में प्रशांत शर्मा ने बताया कि बार काउंसिल सदस्यों के परिणाम घोषित होने के बाद अब अध्यक्ष का चुनाव और विभिन्न समितियों का गठन किया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनकी पहली प्राथमिकता लॉयर्स प्रोटेक्शन एक्ट को लागू करवाने की दिशा में पहल करना होगी। एडवोकेट अंकुर बहड़ ने कहा कि लंबे समय बाद सीकर बार एसोसिएशन को राजस्थान बार काउंसिल में प्रतिनिधित्व मिला है, जो जिले के अधिवक्ताओं के लिए गर्व का विषय है। इस अवसर पर सीकर बार एसोसिएशन के साथ-साथ जयपुर से भी बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।








