Indian Railway: गर्मियों की छुट्टियों में ट्रेनों में होने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों के लिए राहत की खबर है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि रेलवे प्रशासन ने आगरा कैंट-असारवा-आगरा कैंट के बीच एक साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन शुरू की है। ऐसे में इस नई ट्रेन के चलने से राजस्थान और गुजरात के यात्रियों को सफर करने में काफी आसानी होगी।
यह ट्रेन उदयपुर से होकर जाएगी
वहीं दूसरी ओर, अहमदाबाद डीआरएम ऑफिस के तहत साबरमती और असारवा स्टेशन को आपस में जोड़ने का काम भी लगभग पूरा हो चुका है। इससे दक्षिण राजस्थान का सीधा संपर्क अब सौराष्ट्र इलाके से बढ़ जाएगा। यह ट्रेन उदयपुर से होकर जाएगी। इससे चितौडगढ, भीलवाड़ा और अजमेर तक पैंसेजर को फायदा मिलेगा। यह नई आगरा-असारवा समर स्पेशल ट्रेन दोनों तरफ से कुल 16-16 फेरे लगाएगी, जिससे स्थानीय लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। टाइमिंग की बात करें तो यह ट्रेन हर सोमवार को आगरा कैंट से शाम 6 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11:10 बजे असारवा पहुंचेगी।
स्पेशल ट्रेन में सफर के लिए कुल 24 डिब्बे होंगे
वापसी में यह ट्रेन असारवा से हर मंगलवार दोपहर 3 बजे रवाना होकर बुधवार सुबह 7:45 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी। इस स्पेशल ट्रेन में सफर के लिए कुल 24 डिब्बे होंगे। इसमें एक सैकंड एसी, 2 थर्ड एसी, 10 स्लीपर क्लास, 9 जनरल क्लास और 2 गार्ड के डिब्बे शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही उदयपुर के रेल यात्रियों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी आ रही है। वेस्टर्न रेलवे के तहत साबरमती को असारवा रेलवे स्टेशन से जोड़ने के लिए 'वाया लाइन' बिछाने का काम पूरा कर लिया गया है। इसी महीने इसमें सीआरएस यानी रेल सुरक्षा आयुक्त का निरीक्षण होना तय हुआ है।
दिल्ली और गुजरात आना-जाना बेहद आसान हो जाएगा
सुरक्षा प्रमाणपत्र मिलते ही अगले महीने होने वाली बैठक में नई ट्रेनों के प्रस्ताव को हरी झंडी मिल सकती है। इसके बाद साबरमती से दिल्ली वाया उदयपुर और ओखा से नाथद्वारा के बीच नई ट्रेनें जोड़ने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाएगी। इस नए ट्रैक के चालू होते ही सौराष्ट्र और वागड़ के साथ दक्षिण राजस्थान का सीधा संपर्क हो जाएगा, जिससे दिल्ली और गुजरात आना-जाना बेहद आसान हो जाएगा।