Rajasthan Traffic News: पुष्कर घाटी के तीनों प्रवेश मागों पर पीडब्लूडी ने हाइट गेज लगा दिए हैं। इसके साथ ही साढ़े तीन मीटर से अधिक ऊंचाई वाले भारी वाहनों की घाटी में आवाजाही बंद हो गई है। हालांकि रोडवेज, निजी यात्री और स्कूल बसों का संचालन पहले की तरह जारी है। हाइट गेज की ऊंचाई अधिक होने से बसें बिना किसी बाधा के मार्ग से गुजर रही हैं। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और कलेक्टर लोकबंधु के निर्देश पर पीडब्लूडी ने नौसर गांव में घाटी की चढ़ाई से पहले मोड़ पुष्कर के ब्रह्म प्रवेश द्वार और बूढ़ा पुष्कर स्थित होटल सहदेव बाग के पास हाइट गेज लगाए हैं।
सभी हाइट गेज की ऊंचाई साढ़े तीन मीटर रखी गई है। इससे ट्रक, डंपर और इससे अधिक ऊंचाई वाले अन्य भारी वाहन अब घाटी मार्ग से नहीं गुजर सकेंगे। हाइट गेज लगाए जाने के बाद स्थानीय लोगों में आशंका थी कि रोडवेज और निजी यात्री बसों का संचालन भी बंद हो जाएगा। हालांकि बाद में स्पष्ट हुआ कि बसें आसानी से हाइट गेज के नीचे से गुजर रही हैं।
भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक
इसके बाद लोगों की आशंका दूर हो गई। पीडब्लूडी के एईएन दीनदयाल सैनी ने बताया कि फिलहाल तीनों स्थानों पर हाइट गेज ट्रायल के तौर पर लगाए गए हैं। यदि संचालन के दौरान कोई कमी सामने आती है तो उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार उसमें सुधार किया जाएगा। प्रशासन ने हाल के समय में पुष्कर घाटी में बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए भारी वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए हाइट गेज लगाने का निर्णय लिया था।