rajasthanone Logo
Rajasthan Road Accident: शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गई। पाली में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से दो युवकों की मौत हो गई।

Rajasthan Road Accident:पाली से बहुत ही दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां बहन की शादी से पहले 2 भाइयों की मौत हो गई। दुल्हन का सगा भाई गांव से अपने 2 ममेरे भाइयों को लेकर लौट रहा था। तभी रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। इस दौरान तीनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। सिर पर गंभीर चोट लगने की वजह से 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जोधपुर रेफर किया गया है। यह हादसा पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात हुआ।

वहीं हादसे की खबर मिलते ही शादी वाले घरों में चीख-पुकार मच गई। शनिवार सुबह बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण मारवाड़ जंक्शन हॉस्पिटल पहुंचे। अस्पताल परिसर के बाहर ही धरने पर बैठकर विरोध जताने लगे। बताया जा रहा है कि युवक अपने 2 ममेरे भाइयों को गांव से लेकर लौट रहा था।

महेंद्र (मृतक) के मामा पन्नालाल ने बताया कि महेंद्र (23) पुत्र किशनलाल की सगी बहन की शादी शुक्रवार को थी। वह अपने 2 ममेरे भाइयों पांचवा (शिवपुरा) के रहने वाले राजूराम (25) पुत्र श्यामलाल और पांचवा खुर्द के रहने वाले शंकरलाल (19) पुत्र रामलाल बावरी को लेकर बाइक से जोड़ दुदोड़ लौट रहा था। वहीं तीनों भाई खुशियों के माहौल के बीच बाइक से रवाना हुए थे, लेकिन अखावास-सिनला मार्ग पर ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सब कुछ खत्म कर दिया। हादसे में राजूराम और महेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आनन-फानन महेंद्र की बहन की शादी की रस्में पूरी की गई।

मामा पन्नालाल ने रोते हुए बताया कि राजूराम (मृतक) के महज 8 दिन पहले ही बेटा हुआ है। घर में बच्चे के जन्म और बहन की शादी की दोहरी खुशियां थीं। तीनों युवक मजदूरी कर परिवार चलाते थे। राजूराम की मौत के बाद मासूम के सिर से पिता का साया उठ गया है।

मारवाड़ जंक्शन थाने के एसएचओ (SHO) राजेंद्र कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 9 बजे सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। फिलहाल शवों को मॉर्च्यूरी में रखवाया गया है। वहीं गंभीर घायल शंकरलाल (19) का जोधपुर में इलाज जारी है। ट्रैक्टर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं परिवार आर्थिक सहायता की मांग करते हुए धरने पर बैठा है।

5379487