rajasthanone Logo
Rajasthan Refinery Accident: बालोतरा HPCL रिफाइनरी में भीषण आग लगने के कारण मोदी का उद्घाटन कार्य को स्थागित कर दिया गया है। ऐसे में सुरक्षा और लागत पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

Rajasthan Refinery Accident: राजस्थान में बाड़मेर के नजदीक बालोतरा (पचपदरा) स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम लिमिटेड (HPCL) की रिफाइनरी में 20 अप्रैल दोपहर करीब 2 बजे भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। खास बात यह है कि इस रिफाइनरी का उद्घाटन नरेंद्र मोदी द्वारा मंगलवार को किया जाना प्रस्तावित था, जिसे इस घटना के बाद स्थगित कर दिया गया। वहीं आग उसी क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) में लगी, जिसका ट्रायल रन पूरा होना बताया जा रहा था।

राज्य की इकॉनोमी को मिला बड़ा घाव

ऐसे में इस ताजा हादसे ने न केवल प्रोजेक्ट की सुरक्षा बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था पर इसके प्रभाव को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। वहीं साल 2013 से लेकर अब तक 13 सालों में पहले ही रिफाइनरी की लागत 37 हजार 230 करोड़ से बढ़कर 79 हजार 459 करोड़ तक पहुंच चुकी है।

राजनीतिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा

इस प्रोजेक्ट को शुरुआत से ही कई प्रशासनिक और राजनीतिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। वसुंधरा राजे की अगुआई वाली बीजेपी सरकार आने के बाद प्रोजेक्ट में दी जा रही ज्यादा सब्सिडी, टैक्स बेनिफिट और कम रिटर्न की आशंका के चलते इसे री-नेगोशिएशन और रिव्यू में डाल दिया गया। इसके बाद अगले पांच साल तक ये प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चला गया। कांग्रेस का आरोप था कि बीजेपी ने इसे जानबूझकर रोक दिया। बीजेपी का पक्ष था कि रिव्यू के बिना ये प्रोजेक्ट घाटे का सौदा था।

रिपेयरिंग में लगेगा 1 से 6 महीने का समय

करीब 5 साल की देरी और विवादों के बीच आखिरकार पचपदरा रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल प्रोजेक्ट को लेकर फिर से उम्मीद जागी। रिफाइनरी की शर्तों में बदलाव के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 जनवरी 2018 को फिर से इसके कार्य का शुभारंभ किया। इस समय इसकी लागत बढ़कर 43 हजार 129 करोड़ रुपए हो गई थी। इसका काम 31 अक्टूबर 2022 तक पूरा किया जाना था। मिली जानकारी के मुताबिक इस हादसे से हुए नुकसान को ठीक होने में लगभग 1 से 6 महीने लग सकते हैं। वहीं हादसे ने एक बार फिर इस महत्वाकांक्षी परियोजना की प्रगति और सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। फिलहाल प्रशासन और कंपनी की ओर से आग के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
 

5379487