Municipal Corporation: सरकारी विभागों की छतों पर जगह नहीं होने से सोलर प्लांट लगाने में आ रही दिक्कत अब खाली जमीन से दूर होगी। नगर निगम ने नसीराबाद रोड स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड और सेदरिया में खाली जमीन चिह्नित की है। आपको बता दें कि यहां 100 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट लगाया जाएगा।
प्लांट से बनने वाली बिजली का उपयोग निगम की शहर में संचालित विभिन्न शाखाओं में किया जा सकेगा। नगर निगम प्रशासन ने प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया है। दोनों जगहों की मिट्टी की जांच भी करवाई जा चुकी है। हालांकि निकाय चुनाव के कारण प्रोजेक्ट फिलहाल होल्ड पर है। चुनाव के बाद काम शुरू किया जाएगा। प्लांट से बनने वाली बिजली को निगम की अलग-अलग शाखाओं की खपत से जोड़ा जाएगा। इसके लिए सोलर प्लांट वाली जगह पर वीएनएम (वर्चुअल नेट मीटरिंग) और जीएनएम (ग्रुप नेट मीटरिंग) लगाए जाएंगे। वहां से बिजली की लाइन सीधे जीएसएस तक जाएगी। निगम की मौजूदा पुरानी बिल्डिंग में सोलर प्लांट पहले से लगा है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि नए प्रोजेक्ट में इसे छोड़कर पंचशील स्थित नई बिल्डिंग, कांजी हाउस, गांधी भवन, गंज गोदाम और पटेल मैदान में संचालित विभिन्न शाखाओं की हर माह की बिजली खपत को प्लांट से बनने वाली बिजली से जोड़ा जाएगा। ऐसे में निगम का मानना है कि प्लांट शुरू होने के बाद हर माह लाखों रुपए के बिजली बिल से राहत मिलेगी।






