Dungri Chutney Banane Ka Tarika:अगर आप हर रोज एक जैसा खाना खाकर बोर हो चुके हैं और अपनी थाली में मारवाड़ी स्वाद का तड़का देना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए बहुत कारगर साबित हो सकती है। आज हम आपको डूंगरी तड़का चटनी की रेसिपी बताने जा रहे हैं, जो खाने में बेहद लाजवाब और बनाने में बहुत आसान है। इसे बनाने की सबसे खास बात यह है कि इसके लिए आपको मिक्सी या सिलबट्टे की भी जरूरत नहीं पड़ती। न ही घंटों गैस के सामने खड़े होकर मेहनत करनी पड़ती है। यह चटनी कुछ ही मिनटों में बनकर तैयार हो जाती है। आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी।
सामग्री
प्याज -1
टमाटर - 1
बारीक कटा हरा धनिया - 1 बड़ा चम्मच
लहसुन - 5 कलियां
भुनी हुई मूंगफली
लाल मिर्च पाउडर - स्वादानुसार
नमक - स्वादानुसार
तेल
विधि
- इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक बाउल में मोटा-मोटा कटा हुआ प्याज, टमाटर और हरा धनिया डालें।
- ध्यान रखें कि इस चटनी के लिए प्याज और टमाटर को बारीक नहीं, बल्कि थोड़ा मोटा काटना है। जितना अच्छा और मोटा कट होगा, चटनी का स्वाद उतना ही बढ़िया आएगा।
- इसके बाद इसमें कुटा हुआ लहसुन और दरदरी कुटी हुई भुनी मूंगफली डालकर अच्छी तरह मिला लें। मूंगफली डालने से चटनी में शानदार क्रंच और लाजवाब स्वाद आता है।
- अब इसमें स्वादानुसार नमक और लाल मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें।
- इसके बाद एक पैन में तेल गर्म करें। जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए, तो उसे तैयार मिश्रण के ऊपर डाल दें। गर्म तेल पड़ते ही लहसुन की बेहद शानदार खुशबू आने लगेगी।
- अब सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें।
आपकी इंस्टेंट मारवाड़ी डूंगरी तड़का चटनी तैयार है। इसे आप बाजरे की रोटी, मक्के की रोटी, पराठे, पूरी या चावल के साथ परोस सकते हैं। यह हर खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देती है।









