Kota Medical College: कोटा मेडिकल कॉलेज में सीजेरियन (प्रसव) के बाद महिलाओं की किडनी फेल होने के बेहद गंभीर मामले में नया मोड़ आ गया है। महिलाओं का कहना है कि हमें अस्पताल में भर्ती हुए 2 महीने से ज्यादा का समय हो गया है। अब सरकार या तो हमारे किडनी ट्रांसप्लांट की व्यवस्था करवाए, नहीं तो हमें इच्छा मृत्यु की अनुमति दे दे। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि दो दिन पहले इन महिलाओं के परिजनों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर किडनी ट्रांसप्लांट की मांग की थी और प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। अल्टीमेटम की अवधि पूरी होने के बाद, विरोध स्वरूप इन महिलाओं ने बुधवार से डायलिसिस कराने से साफ मना कर दिया है।
पीड़ित महिलाओं ने सरकार के सामने रखी दो टूक मांग
गौरतलब है कि 4 से 8 मई के बीच कोटा मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल में डिलीवरी के लिए ये महिलाएं भर्ती हुई थीं। सीजेरियन ऑपरेशन के बाद इन सभी महिलाओं की किडनियां फेल हो गई थीं। इस मामले में पांचों महिलाएं अब भी अस्पताल के सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक (SSB) में भर्ती हैं। इन महिलाओं की किडनियां पूरी तरह काम करना बंद कर चुकी हैं और इन्हें हर दूसरे-तीसरे दिन डायलिसिस की दर्दनाक प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है।
पीड़ित महिला रागिनी का कहना है कि वे अस्पताल में डिलीवरी के लिए आए थीं और 4 मई को भर्ती किया गया था, आज 70 दिन से ज्यादा का समय हो गया है और हम अस्पताल में ही पड़े हैं। हर दो-तीन दिन में डायलिसिस होता है, जिसमें असहनीय दर्द और तकलीफ होती है। ऐसे में पीड़ित महिलाओं की मांग है कि उनका किडनी ट्रांसप्लांट कराया जाए। हम अस्पताल में जैसे सही आए थे, हमें वैसे ही ठीक करके घर भेजा जाए। बीमारी के कारण घर पर सब परेशान हैं और पति की नौकरी तक छूट गई है।
यह भी पढ़ें- Missing Girl In Kota: घर से बिना बताए निकली छात्रा की चंबल नदी में मिली लाश, मचा हड़कंप
आपको बता दें कि अपनी मांगों को लेकर महिलाओं ने अब इलाज का बहिष्कार करना शुरू कर दिया है। बुधवार को पिंकी और आरती का डायलिसिस होना था, लेकिन दोनों ने इसके लिए साफ मना कर दिया। इस बीच, डायलिसिस न होने के कारण बुधवार को आरती की तबीयत अचानक बहुत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद उसे आनन-फानन में आईसीयू (ICU) में शिफ्ट करना पड़ा। इसके बावजूद पीड़ित महिलाएं अपनी मांग पर अड़ी हुई हैं कि जब तक सरकार किडनी ट्रांसप्लांट की लिखित गारंटी नहीं देती, वे डायलिसिस नहीं कराएंगी।