Kota Gopashtami 2026: कोटा में मंगलवार को गोपाष्टमी पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं, रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र के मोड़क गांव के पास खेतड़ी स्थित हनुमानजी गोशाला में होने वाले आयोजन में 62 गांव ग्वालों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही गोमाता का पूजन भी होगा। आपको बता दें कि कार्यक्रम में प्रदेशभर के संतों को बुलाया गया है। शिक्षा और पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर संतों का सम्मान करेंगे। मंत्री दिलावर ने बताया- कार्यक्रम में कोटा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विमल डुकवाल, जोबनेर कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. पुष्पेंद्र सिंह चौहान और उदयपुर कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आरएल सोनी भी शामिल होंगे।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि आयोजन को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। इसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल होकर गोमाता का पूजन करेंगे। शिक्षा और पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर की पहल पर रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र में गांवों की प्राचीन परंपरा को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से शुरू की गई 'गांव ग्वाल योजना' आठ महीने से चल रही है। योजना के तहत विधानसभा क्षेत्र के 62 गांवों में गांव ग्वाल नियुक्त किए गए हैं, जो प्रतिदिन गांव की गायों को एकत्रित कर चराने के लिए ले जाते हैं। वहीं शाम को गोधूलि बेला में वापस गांव लाकर गोपालकों को सौंप देते हैं।
हर गांव में एक गांव ग्वाल किया नियुक्त, 10 हजार मिलता मानदेय
योजना के तहत प्रत्येक गांव में जन सहयोग से एक गांव ग्वाल नियुक्त किया गया है। इस प्रकार 62 गांवों में कुल 62 गांव ग्वाल अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इन्हें 10 हजार का हर महीने मानदेय दिया जाता है। योजना के लिए एक मुख्य प्रबंधक और एक प्रबंधक भी नियुक्त किए गए हैं, जिन्हें नियमित वेतन दिया जा रहा है।
योजना के लिए बनाया ट्रस्ट
खास बात यह है कि यह सरकारी योजना नहीं है, बल्कि मंत्री दिलावर ने इसे व्यक्तिगत पहल के रूप में शुरू किया है। इसके नियमित संचालन और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी निभाने के लिए उन्होंने ट्रस्ट का गठन भी किया है, जो जनसहयोग से योजना का संचालन कर रहा है। मंत्री मदन दिलावर की मंशा इस योजना को प्रदेश के अन्य गांवों में भी लागू करने की है।









