KBC 18: कौन बनेगा करोड़पति सीजन-18 में उदयपुर, राजस्थान के GST डिप्टी कमिश्नर डॉ. अनुज भटनागर शामिल हुए। 27 अगस्त की रात केबीसी शो में वे अमिताभबच्चन के सामने हॉट सीट पर थे। शो में अनुज ने 5 लाख रुपए जीते हैं। वहीं अनुज ने 7.50 लाख रुपए तक का गेम खेला और 12वें सवाल तक पहुंचे। इसके बाद भारत, जॉर्डन और जाम्बिया से जुड़े 12.5 लाख रुपए के सवाल पर उनका जवाब गलत हो गया। इसके साथ ही उनका KBC का सफर 5 लाख रुपए की जीत के साथ समाप्त हुआ।
वहीं, शो में अमिताभ बच्चन ने अनुज से उनका परिचय पूछा तो उन्होंने दिलचस्प अंदाज में सीधा जवाब देने के बजाय चार लाइन की पहेली सुनाई। उन्होंने अमिताभबच्चन से कहा कि इसे सुनने के बाद आपको सोचना पड़ेगा कि 'मैं कौन हूं?' इसके बाद अनुज ने बताया कि वे टैक्स ऑफिसर हैं और वर्तमान में उदयपुर में GST डिप्टी कमिश्नर के रूप में कार्यरत हैं। अनुज ने अमिताभ बच्चन को बताया कि उन्हें गर्व है कि वे ऐसे विभाग का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो राजस्थान के कुल राजस्व में करीब 45 प्रतिशत योगदान देता है। उन्होंने बताया कि नौकरी की जिम्मेदारियों के कारण समय बहुत कम मिल पाता है, लेकिन केबीसी की हॉट सीट तक पहुंचने का सपना वे लगातार प्रयास के बाद पूरा कर सके। शो में अमिताभ बच्चन ने अनुज से उनकी पीएचडी और थिसिस 'माइनिंग इन मेवाड़' पर भी बात की।
वहीं, शो में अनुज ने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय सुरेंद्र कुमार भटनागर की इच्छा थी कि परिवार का कोई सदस्य कौन बनेगा करोड़पति की हॉट सीट तक पहुंचे। अनुज ने अपने पिता का सपना पूरा किया। अमिताभ बच्चन ने अनुज से पूछा कि उनके और उनके बेटे में क्या समानताएं हैं।
इसका जवाब देने के बाद अनुज ने अमिताभ से ही सवाल कर दिया कि पिता और बेटे में समानताएं तो अक्सर होती हैं, लेकिन वे बताएं कि उनके और अभिषेक बच्चन में क्या अलग है। अमिताभ ने बताया कि उनके और अभिषेक के बीच कई समानताएं हैं। वे अभिषेक को अपने दोस्त की तरह मानते हैं। इसके बाद उन्होंने दोनों की खान-पान की आदतों में अंतर का भी जिक्र किया।