जोधपुर में मंगलवार सुबह बहुत ही भयानक हादसे की खबर सामने आई है। जहां स्कॉर्पियो सवार युवकों ने 3 गाड़ियों को टक्कर मार दी। वहीं हादसे में 2 लोग घायल हो गए हैं। आपको बता दें कि इनमें एक बच्चे के दोनों पैर फ्रैक्टर हो गए। वहीं, बाइक पर जा रहे एक व्यापारी उछलकर सड़क पर गिरने से गंभीर घायल हो गए है।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि घटना शहर के प्रतापनगर सदर थाना क्षेत्र के बॉम्बे मोटर-पांचवी रोड पर सुबह 9:30 बजे की है। गंभीर घायलों में विशाल (16) और व्यापारी कुणाल बाहेती शामिल हैं। दोनों गंभीर घायलों का इलाज मथुरादास माथुर हॉस्पिटल के इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है।

वहीं हादसे में घायल व्यापारी ने बताया कि मेरी टॉय शॉप है। मैं कायलाना से बॉम्बे मोटर चौराहे की तरफ जा रहा था। इस दौरान स्कॉर्पियो काफी रफ्तार में आआ। एक के बाद एक गाड़ियों को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मैं उछल कर सड़क पर गिर गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान स्कॉर्पियो की चपेट में आने से एक स्कूटी फंस गई। जिसे बड़ी मुश्किल से लोगों ने बाहर निकाला।

प्रतापनगर सदर थानाधिकारी सुंदर कला ने बताया कि हादसे में दो लोग घायल हुए हैं। एक स्कॉर्पियो सवार को डिटेन किया है। एक जीप को भी टक्कर मारी है, उसमें कोई सवार नहीं था। हादसे में घायल हुए विशाल के चाचा ने बताया कि मेरा भतीजा चाय के होटल पर जा रहा था। इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में उसका पैर पूरा मुड़ गया। दोनों पैर फ्रेक्चर हो गए। सीने में भी चोट लगी है।