Indian Railways: जोधपुर रेल मंडल से होकर गुजरने वाली चार ट्रेनों के संचालन समय में अगस्त की शुरुआत के साथ ही बदलाव किया गया है। नया टाइम टेबल शनिवार से लागू होगा। उत्तर पश्चिम रेलवे ने 1 अगस्त से जोधपुर मंडल से होकर गुजरने वाली 4 प्रमुख ट्रेनों की टाइम टेबल में आंशिक संशोधन किया है। इसके तहत कई स्टेशनों पर ट्रेनों के आगमन और रवाना होने के समय में 10 से 30 मिनट तक का बदलाव किया गया है। रेलवे का कहना है कि यह कदम ट्रेनों के संचालन को अधिक समयबद्ध बनाने और परिचालन में सुधार के उद्देश्य से उठाया गया है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का नया समय जरूर जांच लें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।
कई स्टेशनों पर पहले पहुंचेगी ट्रेनें
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन संख्या 20485 जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस जैसलमेर से अपने निर्धारित समय सुबह 6.30 बजे रवाना होगी, लेकिन फलोदी, ओसियां, जोधपुर, भगत की कोठी, लूनी, दुंदाड़ा और समदड़ी स्टेशनों पर पहले की तुलना में 10 से 20 मिनट पहले पहुंचेगी और रवाना होगी। समदड़ी के बाद ट्रेन का समय यथावत रहेगा।
इसी तरह ट्रेन संख्या 20491 जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस फलोदी तक अपने पुराने समय पर चलेगी, जबकि ओसियां, तिंवरी, मारवाड़ मथानिया, राईका बाग, जोधपुर, भगत की कोठी, लूनी और समदड़ी तक इसका संचालन 10 से 20 मिनट पहले होगा। समदड़ी के बाद ट्रेन की समय-सारिणी में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
जानें नया समय
20485 जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस फलोदी 8.50/8.55 बजे, ओसियां 9.52/9.55 बजे, जोधपुर 11.30/11.40 बजे, भगत की कोठी 11.48/11.50 बजे, लूनी 12.12/12.15 बजे, दुंदाड़ा 12.38/12.40 बजे और समदड़ी 1.00/1.05 बजे पहुंचेगी व रवाना होगी।
वहीं 20491 जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस फलोदी 6.15/6.20 बजे, मारवाड़ लोहावट 6.40/6.42 बजे, ओसियां 7.30/7.32 बजे, तिंवरी 7.48/7.50 बजे, मारवाड़ मथानियां 8.03/8.05 बजे, राईका बाग 8.40/8.42 बजे, जोधपुर 9/9.10 बजे, भगत की कोठी 9.20/9.22 बजे, लूनी 9.49/9.52 बजे और समदड़ी 10.40/10.45 बजे पहुंचेगी और रवाना होगी।
काठगोदाम-जैसलमेर रानीखेत एक्सप्रेस का भी बदलेगा टाइम
इसके अलावा ट्रेन संख्या 15014 काठगोदाम-जैसलमेर रानीखेत एक्सप्रेस अब जैसलमेर स्टेशन पर रात 11 बजे के बजाय 11.30 बजे पहुंचेगी। वहीं 12465 इंदौर-भगत की कोठी रणथंभौर एक्सप्रेस का भगत की कोठी आगमन समय 10.20 बजे से बदलकर 10.30 बजे कर दिया गया है।










