Newborn Body Found: जोधपुर के मथुरादास माथुर हॉस्पिटल से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां शुक्रवार सुबह 11 बजे एक नवजात का शव मिला। नवजात का शव हॉस्पिटल के शौचालय (बाथरूम) के कमोड में मिला है। वहीं बच्चे का मुंह कमोड के अंदर डाला हुआ था। हाथ-पांव ऊपर की तरफ थे।
शौचालय में नवजात शिशु पड़ा मिला था
वहीं हॉस्पिटल के उप अधीक्षक डॉक्टर दीपक टाक ने बताया कि शुक्रवार को शिशु रोग विभाग के जानना विंग के अंदर शौचालय में नवजात शिशु पड़ा मिला था। इसे किसने रखा था इसकी जांच अभी की जा रही है। इसके साथ ही अस्पताल में उस दिन हुई डिलीवरी का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। अब तक पता नहीं चल सका है कि नवजात को किसने लाकर रखा था।
बच्चे की गर्भनाल भी कटी हुई नहीं
हेड कॉन्स्टेबल गंगाराम ने बताया कि 22 मई को नवजात का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे तो शौचालय के कमोड में शिशु का शव मिला। जांच की जा रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। वहीं हॉस्पिटल में मौजूद लोगों का कहना है कि रात को एक युवक-युवती जांच करवाने आए थे। हो सकता है उन्हीं ने बच्चे को शौचालय में फेंका हो। बच्चे की गर्भनाल भी कटी हुई नहीं थी। इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि जन्म कुछ देर पहले ही हुआ होगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।








