Jodhpur News: जोधपुर के काजरी रोड आईटीआई सर्किल पर स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में गुरुवार सुबह डिप्टी डायरेक्टर ऑफिस में अचानक आग लग गई है। आपको बता दें कि सूचना पर फायरब्रिगेड की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब 20 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट-सर्किट माना जा रहा है। गनीमत रही की आग लगने के समय ऑफिस बंद था और वहां कोई मौजूद नहीं था।
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 8 बजे की है। सूचना के करीब 20 मिनट बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। आग पहले ऑफिस में लगी थी और फिर वायरिंग के जरिए बरामदे तक पहुंच गई। डिप्टी डायरेक्टर डॉ. जगदीश प्रसाद ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही संस्थान के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। कुछ समय बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया।
वहीं, वाइस प्रिसिंपल शैलेश शर्मा ने बताया कि आग के कारण डिप्टी डायरेक्टर ऑफिस में रखे कंप्यूटर, टीवी, फर्नीचर, बिजली उपकरण, मॉडम, सीलिंग, दरवाजे और कैमरा सिस्टम सहित अन्य सामान जल गया है। इसके अलावा मुख्य भवन की बिजली वायरिंग और अन्य कमरों में लगे बिजली उपकरण व एसी आदि को भी नुकसान पहुंचा है। फायर ब्रिगेड ने प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित रखने की सलाह दी है।
उन्होंने बताया कि आग से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए समिति के माध्यम से जांच करवाई जा रही है। समिति की रिपोर्ट के बाद ही नुकसान की डीटेल जानकारी पता लग सकेगी। घटना की प्राथमिक सूचना निदेशालय को भी तुरंत भेज दी गई है। अधिकारियों के स्तर से आवश्यक आगामी कार्रवाई और दिशा-निर्देश प्राप्त किए जा रहे हैं।