Jaipuriya Hospital News: ब्रेस्ट कैंसर से जूझ रही महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। ब्रेस्ट कैंसर की समय पर पहचान और उपचार के लिए जयपुरिया अस्पताल में जल्द डिजिटल मेमोग्राफी मशीन स्थापित की जाएगी। आरयूएचएस कॉलेज ऑफ मेडिकल साइंसेज से जुड़े अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग में सांसद कोटे से करीब 30 लाख रुपए की लागत से यह मशीन खरीदी जा रही है। इसके शुरू होने के बाद मरीजों की करीब 10 मिनट में ब्रेस्ट कैंसर की स्क्रीनिंग हो सकेगी। जयपुर में एसएमएस अस्पताल, स्टेट कैंसर संस्थान प्रताप नगर के बाद जयपुरिया अस्पताल में तीसरी आधुनिक मशीन लगेगी।

महिलाओं के लिए बड़ी सौगात

डिजिटल मेमोग्राफी मशीन से 3-डी ब्रेस्ट टोमोसिंथेसिस (DBT), ड्यूल-एनर्जी कॉन्ट्रास्ट एन्हांस्ड मेमोग्राफी और स्टीरियोटैक्टिक ब्रेस्ट बायोप्सी जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं मिलेंगी। इससे ब्रेस्ट में होने वाले सूक्ष्म परिवर्तनों की पहचान शुरुआती अवस्था में हो सकेगी, जिससे बीमारी को बढ़ने से पहले नियंत्रित करना आसान होगा।

दो माह में शुरू होगी नई सुविधा

ऐसे में जयपुरिया अस्पताल के अधिक्षक डॉ. जीवराज सिंह का कहना है कि मशीन अगले दो माह में स्थापित होने की संभावना है। इसके बाद मरीजों को निशुल्क जांच सुविधा मिलेगी। डिजिटल तकनीक से ब्रेस्ट में होने वाले सूक्ष्म बदलावों और शुरुआती गांठों की भी सटीक पहचान की जा सकेगी, जिससे समय रहते इलाज शुरू करना आसान होगा।