Swachh Jaipur Swasth Jaipur: मानसून के दौरान शहर में बढ़ने वाली गंदगी, जलभराव और मौसमी बीमारियों की संभावना को देखते हुए नगर निगम जयपुर ने विशेष स्वच्छता अभियान शुरू कर दिया है। स्वच्छ जयपुर-स्वस्थ जयपुर की थीम पर यह अभियान आज 25 अगस्त से शुरू किया गया था, जो 7 सितंबर तक 6 चरणों में चलाया जा रहा है।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इस अभियान के तहत आज शहर के विद्याधर नगर और मुरलीपुरा जोन में 2500 सफाईकर्मी मैदान में उतरकर एक हजार जेसीबी, हूपर और संसाधनों की मदद से विशेष सफाई अभियान चला रहे हैं। वहीं, नगर निगम द्वारा शुरू इस अभियान में सामान्य सफाई के साथ गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स यानी GVP, गंदगी वाले चिन्हित स्थानों, सड़क किनारे, डिवाइडर, मीडियन और सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई की जाएगी। इसके साथ निर्माण और विध्वंस से निकलने वाले मलबे यानी C&D वेस्ट को हटाने पर भी विशेष फोकस रहेगा।
सफाई को लेकर नगर निगम का बड़ा अभियान
दरअसल, इस विशेष अभियान के तहत जोन स्तर पर सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। निगम की टीमें चिन्हित स्थानों पर पहुंचकर सफाई, कचरा उठाने और मलबा हटाने की कार्रवाई करेंगी। मिली जानकारी के मुताबिक, 25 अगस्त को सांगानेर और मानसरोवर जोन से इस अभियान की शुरुआत की गई। इसके बाद 27 अगस्त को हवामहल और किशनपोल जोन में कमिश्नर ने खुद सड़कों पर उतर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद अब आज 1 सितंबर को विद्याधर नगर और मुरलीपुरा जोन में सफाई की जा रही है।
5 सितंबर को सिविल लाइन जोन में विशेष सफाई अभियान होगा
अब 3 सितंबर को झोटवाड़ा और वैशाली नगर जोन में अभियान चलाया जाएगा। 5 सितंबर को सिविल लाइन जोन में विशेष सफाई अभियान होगा। 7 सितंबर को आदर्श नगर जोन में अभियान चलाया जाएगा। इस तरह 25 अगस्त से 7 सितंबर तक 7 चरणों में शहर के अलग-अलग हिस्सों में विशेष सफाई अभियान चलाकर मानसून के दौरान सफाई व्यवस्था को बेहतर करने की कोशिश की जाएगी। ताकि आम जनता को राहत मिल सके।