Jaipur Metro News: जयपुर मेट्रो के सेकेंड फेज प्रोजेक्ट में लागत कम करने के लिए बड़ा बदलाव किया गया है। अब नए बनने वाले मेट्रो स्टेशन 6 कोच की बजाय 3 कोच क्षमता के अनुसार तैयार किए जाएंगे। हालांकि भविष्य की जरूरतों को देखते हुए अतिरिक्त 3 कोच जोड़ने का प्रावधान भी रखा जाएगा। इसके लिए आवश्यक सिविल वर्क शुरुआती चरण में ही पूरा कर लिया जाएगा।
इस बदलाव का मुख्य कारण कॉस्ट कटिंग
मेट्रो अधिकारियों के मुताबिक इस बदलाव का मुख्य कारण कॉस्ट कटिंग है, ताकि कम बजट में सेकंड फेज का निर्माण संभव हो सके। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पहले तैयार डीपीआर में 6 कोच के स्टेशन प्रस्तावित थे। वर्तमान में बड़ी चौपड़ से मानसरोवर तक बने स्टेशन 6 कोच के हैं, लेकिन संचालन 4 कोच का हो रहा है।
यह भी पढ़ें- NEET Exam 2026: भरतपुर में NEET परीक्षा आज, 16 केंद्रों पर मजिस्ट्रेट तैनात, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर नजर
फेज-1 में स्टेशनों की संख्या 11 से बढ़कर 12 हो जाएगी
खासाकोठी चौराहे पर मेट्रो फेज-1 और फेज-2 की क्रॉसिंग होगी। यहां दोनों फेज के अलग-अलग स्टेशन आमने-सामने बनेंगे। इन्हें फुट ओवर ब्रिज से जोड़ा जाएगा, जिससे यात्रियों को इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी। इस नए स्टेशन के जुड़ने से जयपुर मेट्रो फेज-1 में स्टेशनों की संख्या 11 से बढ़कर 12 हो जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि इससे शहर में मेट्रो कनेक्टिविटी बेहतर होगी और यात्रियों को अधिक सुविधाजनक सफर मिल सकेगा।