Jaipur Road Accident: जयपुर जिले में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सामने से आ रही स्कूल बस से टकरा गई। बस पलटते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में 18 स्टूडेंट घायल हो गए। 2 बच्चों के सिर में चोट आई है, जबकि 3 बच्चों के पैर में फैक्चर हुआ है। एक बच्चे के हाथ में चोट आई है। टक्कर इतनी तेज थी की दो बच्चों के सिर में चोट लगने से बस के अंदर खून फैल गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने पुलिस के साथ मिलकर क्षतिग्रस्त बस में फंसे बच्चों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और जोबनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
जोबनेर थाना अधिकारी हनुमान सहाय ने बताया कि टैगोर विद्या मंदिर स्कूल की बस सुबह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। बस में ड्राइवर कंडक्टर और एक स्कूल स्टाफ के साथ 40 बच्चे थे। इसी दौरान जोबनेर-महला मार्ग पर सीमेंट फैक्ट्री के पास चित्तौड़गढ़ से खाटू श्याम जा रही स्कार्पियो से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहन पलट गए। बच्चे बस के अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों ने बच्चों को बाहर निकाला और हॉस्पिटल पहुंचाया। हादसे में बस में सवार 18 बच्चे घायल हो गए। 2 बच्चों के सिर में चोट आई है, जबकि 3 बच्चों के पैर में फैक्चर हुआ है। एक बच्चे के हाथ में चोट आई है। दो बच्चों के सिर में चोट लगने से बस के अंदर खून फैल गया। गंभीर रूप से घायल 8 से 9 बच्चों को जयपुर रेफर किया गया। हादसे में स्कॉर्पियो में सवार यात्रियों को भी चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों वाहनों की टक्कर की तेज आवाज सुनकर हम लोग मौके पर पहुंचे। देखा तो बस पलटी हुई थी और बच्चे अंदर फंसे थे। बिना समय गंवाए बच्चों को निकालना शुरू किया। पुलिस के पहुंचने तक बच्चों को बाहर निकालने का प्रयास जारी रखा। हादसे के बाद जोबनेर-महला मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और स्कॉर्पियो को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर स्कॉर्पियो के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, हालांकि वास्तविक कारण पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।