Jagatpura Development: जेडीए जगतपुरा के चौड़े मार्गों को संवारेगा। इसके लिए स्ट्रीट स्केप प्रोजेक्ट पर काम किया जाएगा। प्रोजेक्ट के तहत 12 करोड़ रुपए खर्च कर मुख्य रास्तों को हेरिटेज शैली में संवारा जाएगा। सड़क के दोनों तरफ राजस्थानी स्थापत्य शैली में 10 पारंपरिक छतरियों का निर्माण किया जाएगा। मेहराब, नक्काशीदार खंभे, गुंबद, छज्जे, बेल-बूटों की सजावट और लाल/गुलाबी सैंडस्टोन की नक्काशीदार जालियां लगेंगी। इसके लिए बंसी पहाड़पुर के 75 मिमी मोटे गुलाबी पत्थरों से 'पान शेप' की नक्काशी की जाएगी। जेडीए ने टेंडर जारी कर दिया है।
पॉलिश्ड डिजाइनर कंक्रीट टाइल्स लगेंगी
स्केप प्रोजेक्ट में फुटपाथ पर 24,600 वर्गमीटर क्षेत्र में पॉलिश्ड डिजाइनर कंक्रीट टाइल्स लगेंगी। 9 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में प्रीकास्ट चेकर टाइल्स बिछेंगी। एम-30 ग्रेड के 80 मिमी मोटाई वाले इंटरलॉकिंग कंक्रीट ब्लॉक, दिव्यांग/दृष्टिबाधित लोगों की सुगमता के लिए 1,620 वर्ग मीटर में विशेष टैक्टाइल टाइल्स लगाई जाएंगी।
प्ले इक्विपमेंट और ओपन जिम बनाएंगे
स्ट्रीट स्केप में बच्चों के खेलकूद के लिए ओपन स्पेस भी मिलेगा। इसमें रोटो स्पाइरल स्लाइड, डबल वेव स्लाइड, रोलर स्लाइड, रोटो वेव स्लाइड, डबल आर्क स्विंग / झूले, गो राउंड स्क्रैम्बलर, स्टैंडर्ड सी-सॉ, सनसेट स्क्रैम्बलर, डबल पैरेलल बार लगेंगे।








