rajasthanone Logo
Jaipur Accident: 200 फीट बाईपास दुर्घटना में चार लोगों ने अपनी जान गंवा दी है। वहीं इस हादसे पर गहलोत ने दुख जताया है।

Jaipur Accident: राजधानी जयपुर के अजमेर बाईपास पर सोमवार को एक दर्दनाक हिट एंड रन हादसा सामने आया। अजमेर रोड पर 200 फीट बाईपास के आगे तेज रफ्तार ट्रॉला सड़क किनारे गुब्बारे बेचकर गुजर-बसर करने वाले एक परिवार को कुचलता हुआ निकल गया। हादसे में पिता और उसके तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। आपको बता दें कि हादसा इतना खतरनाक था कि बच्चों के शरीर के चीथड़े उड़ गए। वहीं, शवों के अलग-अलग हिस्से नाले में पड़े मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल महिला को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां फिलहाल उनका इलाज जारी है।

एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

इसके साथ ही आपको बता दें कि मृतकों की पहचान रमेश (11), दीपक (8) और रतन (10) के रूप में हुई है। वहीं, बच्चों के पिता चंद्रप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई। मां कैलाश गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे में महिला के दोनों पैर कट गए हैं।बताया जा रहा है कि परिवार राजसमंद जिले के जैतपुर का रहने वाला था। परिवार जयपुर के अजमेर रोड पर सड़क किनारे गुब्बारे बेचकर अपना गुजारा करता था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद ट्रॉला चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सीसीटीवी में कैद फुटेज के आधार पर ट्रॉला और उसके नंबर की पहचान की जा रही है।

तेज रफ्तार ट्रॉले ने मचाई तबाही

वहीं, मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी पुन्नीराम ने बताया कि हादसे में तीन बच्चों समेत चार लोगों की मौत हुई है। घटना की सूचना मिलने पर जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल भी घटनास्थल पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। हादसे के वक्त मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि इस जगह पर रोजाना मजदूर काम मिलने का इंतजार करते हैं। लोग उन्हें यहीं से काम पर ले जाते हैं। उन्होंने बताया कि आज सुबह करीब पांच मजदूर वहां एकत्रित होकर खड़े थे। तभी एक बेकाबू ट्रॉला उनकी तरफ आया और उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वहां मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक चालक ट्रॉला लेकर भाग चुका था।

यह भी पढ़ें- Electricity Power Cut: आज इन इलाकों में 9 घंटे तक नहीं आएगी बिजली, देखें पूरी लिस्ट

इस बीच राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मामले पर दुख जताते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जयपुर के श्याम नगर थाना क्षेत्र के 200 फीट बाईपास पर हुए हादसे में तीन बच्चों की मौत की खबर बेहद दुखद है। ईश्वर उनके परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें और दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।

5379487