Jaipur College Protest: जयपुर में जवाहर लाल नेहरू मार्ग स्थित सरकारी कॉलेज के स्टूडेंट्स ने नई बिल्डिंग में शिफ्टिंग की मांग को लेकर शुक्रवार को कॉलेज परिसर में विरोध-प्रदर्शन किया। स्टूडेंट्स ने विरोध के दौरान बिल्डिंग के गेट पर ताले लगा दिए। छात्रों का कहना है कि कॉलेज की नई बिल्डिंग साल 2024 में बनकर तैयार हो चुकी है, इसके बावजूद कॉलेज का संचालन पुराने परिसर में किया जा रहा है।
स्टूडेंट्स ने कॉलेज को नए भवन में शिफ्ट करने की नियत तारीख की लिखित घोषणा की मांग की है। छात्रों का कहना है कि कॉलेज में करीब 3,640 विद्यार्थी हैं, लेकिन पढ़ाई के लिए केवल 6 कमरे उपलब्ध हैं। पुराने परिसर की एक ही बिल्डिंग में पांच अलग-अलग शैक्षणिक संस्थानों और गतिविधियों का संचालन होने से विद्यार्थियों को पर्याप्त कक्षाएं नहीं मिल पा रही हैं।
स्टूडेंट्स ने अपने मांग पत्र में बताया कि कॉलेज भवन के निर्माण के लिए जमीन का आवंटन साल 2015 में किया गया था। इसके बाद साल 2016 में बजट की पहली किस्त जारी की गई। स्टूडेंट्स का कहना है कि इसके बावजूद भवन निर्माण का काम काफी धीमी गति से चला और कई बार मांग उठाने के बाद भवन का कुछ हिस्सा तैयार हो पाया।
स्टूडेंट्स के मुताबिक, साल 2021 में बजट घोषणा के बाद साल 2022 में टेंडर और बजट जारी किया गया था। पूरे प्रोजेक्ट को एजुकेशन हब के नाम से तैयार किया गया। इसी प्रोजेक्ट में राजकीय महाविद्यालय जयपुर के भवन का निर्माण भी शामिल किया गया। इसके लिए टेंडर जारी करने वाली संस्था RSRDC बताई गई है। वहीं स्टूडेंट्स का कहना है कि साल 2022 में निर्माण कार्य शुरू हुआ और साल 2024 तक पूरा प्रोजेक्ट तैयार हो गया। इसमें राजकीय महाविद्यालय जयपुर के लिए प्रस्तावित भवन भी शामिल है। इसके बावजूद अब तक कॉलेज को नए भवन में शिफ्ट नहीं किया गया है।







