rajasthanone Logo
Jaipur DISCOM: अब आसान बिजली सेवा होगी। जयपुर डिस्कॉम में ऑनलाइन सिस्टम से नया कनेक्शन और लोड बढ़ाने की सुविधा मिलेगी।

Online Electricity Services Rajasthan: जयपुर डिस्कॉम के बिजली उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर है। अब नया कनेक्शन, बिजली लोड बढ़ाने और कनेक्शन डिस्कनेक्ट करने के लिए बिजली दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि डिस्कॉम ने इन सुविधाओं को तेज और पारदर्शी बनाने के लिए नया स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) लागू किया है। इसके तहत अब बिजली का नया कनेक्शन, बिजली लोड बढ़ाने और कनेक्शन डिस्कनेक्ट करने की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। सभी आवेदन निगम के ऑनलाइन पोर्टल के जरिए होंगे और हर स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है।

आवेदन से लेकर स्वीकृति तक डिजिटल ट्रैकिंग

वहीं नई व्यवस्था का उद्देश्य उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर लगाने से बचाना, फाइलों में होने वाली देरी खत्म करना और तय समय में सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए आवेदन से लेकर स्वीकृति और कार्य पूरा होने तक की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से मॉनिटर की जाएगी। आपको बता दें कि ऑनलाइन आवेदन प्राप्त होने के बाद संबंधित अधिकारी दस्तावेजों की जांच करेंगे। वहीं जरूरत पड़ने पर मौके का निरीक्षण किया जाएगा, जिसमें बिजली लाइन, ट्रांसफार्मर की उपलब्ध क्षमता और तकनीकी मानकों की जांच होगी। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ऑनलाइन स्वीकृति जारी की जाएगी और निर्धारित समय में कार्य पूरा कराया जाएगा।

ऐसे में नई व्यवस्था में केवल आवेदन प्रक्रिया ही नहीं, बल्कि शिकायतों के समाधान पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध समाधान किया जाए और सभी रिकॉर्ड ऑनलाइन अपडेट किए जाएं। नई SOP लागू होने से नए कनेक्शन और लोड बढ़ाने की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक आसान और पारदर्शी होगी। उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली कार्यालय नहीं जाना पड़ेगा, आवेदन की स्थिति ऑनलाइन पता चल सकेगी और तय समय में सेवाएं मिलने से अनावश्यक देरी और शिकायतों में कमी आने की उम्मीद है।

5379487