Amayra Case Update: अमायरा सुसाइड केस में जयपुर के नीरजा मोदी स्कूल के मालिक सौरभ मोदी के खिलाफ केस चलेगा। इनके अलावा स्कूल की प्रिंसिपल इंदू दुबे, टीचर पुनीता शर्मा और सफाईकर्मी रामू के खिलाफ भी केस चलाया जाएगा। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि जयपुर महानगर प्रथम की एसीजेएम 10 कोर्ट ने मंगलवार को प्रसंज्ञान लेते हुए केस को आगे की सुनवाई के लिए बाल न्यायालय भेज दिया है। सुनवाई के दौरान सभी आरोपी कोर्ट में पेश हुए, जिन्हें जमानत मिल गई। कोर्ट ने अमायरा के परिजनों के प्रार्थना-पत्र पर सुनवाई से इनकार करते हुए पुलिस की ओर से लगाई गई धाराओं में ही प्रसंज्ञान लिया है।

परिजनों ने कोर्ट में प्रार्थना-पत्र लगाकर आत्महत्या के लिए उकसाने और स्कूल मालिक और प्रिंसिपल पर भी बच्ची के साथ क्रूरता की धारा जोड़ने की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने इस पर सुनवाई से इनकार कर दिया। इससे पहले पुलिस ने लापरवाही, सबूत मिटाने और बच्चे के साथ क्रूरता के मामले में आरोप प्रमाणित मानते हुए चालान पेश किया था। अमायरा के परिजनों ने कोर्ट में प्रार्थना-पत्र पेश कर पुलिस की ओर से पेश चालान (चार्जशीट) पर सवाल खड़े किए थे। परिजनों का कहना था कि स्कूल प्रबंधन और प्रिंसिपल पर भी बच्ची के प्रति क्रूरता (Cruelty to Child) और सभी आरोपियों पर बच्ची को आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा लगाते हुए प्रसंज्ञान लिया जाए।

आपको बता दें कि नीरजा मोदी स्कूल में 9 साल की छात्रा अमायरा ने 1 नवंबर 2025 को चौथी मंजिल से कूदकर सुसाइड कर लिया था। मामले की जांच के बाद पुलिस ने स्कूल मालिक सौरभ मोदी, प्रिंसिपल इन्दु दुबे, टीचर पुनिता शर्मा और सफाईकर्मी रामू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में चालान पेश किया था।