rajasthanone Logo
Maggi Noodles News: जयपुर में मैगी खाने से 7 साल की बच्ची की मौत हो गई। वहीं बड़ी बहन की भी तबीयत बिगड़ गई। फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है।

Maggi Noodles News: जयपुर में मैगी (नूडल्स) खाने से 7 साल बच्ची की मौत हो गई, जबकि बड़ी बहन की तबीयत खराब हो गई। मां-बाप हॉस्पिटल में भर्ती बच्ची के भाई के पास गए थे। घर पहुंचे तो बच्चों को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। मां ने अंदर कमरे में जाकर दोनों बच्चियों को जगाया तो बड़ी बेटी उठते ही उल्टियां करने लगी। जबकि छोटी बेटी नहीं उठी। परिजन दोनों बच्चियों को मंगलम सिटी के पास स्थित हॉस्पिटल में लेकर गए। डॉक्टर्स ने छोटी बेटी पीहू को मृत घोषित कर दिया, जबकि दिव्यांशी (18) को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी।

आपको बता दें कि यह मामला करधनी थाना क्षेत्र के कालवाड़ रोड स्थित मंगलम सिटी का गुरुवार शाम का है। पुलिस प्रथदृष्ट्या फूड पॉइजनिंग से मौत होना मान रही है।। वहीं मृतक बच्ची के पिता दिनेश कुमावत ने बताया कि मैं मकान की पेंटिंग का काम करता हूं। फरवरी-2025 में मेरी शादी मीना से हुई थी। ये मीना की दूसरी शादी है। पहले पति का देहांत हो चुका है। शादी के बाद से मीना और उसके पांच बच्चों के साथ मैं कालवाड़ रोड पर मंगलम सिटी में रहता हूं।

गुरुवार सुबह मैं और मीना घर से चौमूं के सिद्धी विनायक हॉस्पिटल में एडमिट अपने बेटे गोविन्द के पास चले गए थे। घर पर बेटी दिव्यांशी (18), बेटा गुलशन (17) व समर (14) और 7 साल की बेटी पीहू थी। गुरुवार सुबह ही बच्चे मंगलम सिटी में स्थित विकास किराना स्टोर से मैगी का 60 रुपए वाला पैकेट खरीदकर लाए थे। सुबह करीब 10 बजे आधी पैकेट मैगी समर ने बनाकर खाई और बहन-भाई के लिए गैस पर छोड़कर खेलने चला गया। दोपहर करीब 3 बजे दिव्यांशी और पीहू मैगी खाकर सो गई।

फूड पॉइजनिंग की आशंका

SHO (करधनी) सवाई सिंह ने बताया-प्रारंभिक जांच में मामला फूड पॉइजनिंग का लग रहा है। पुलिस की ओर से कावंटिया हॉस्पिटल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा।

5379487