Jodhpur Municipal Corporation: जोधपुर नगर निगम ने शहर को अधिक स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से प्रमुख सड़कों और पर्यटन स्थलों पर 400 नए ट्विन डस्टबिन लगाए हैं। यह पहल स्वच्छ भारत मिशन की नई गाइडलाइंस के तहत की गई है, जिसमें व्यावसायिक और पर्यटन क्षेत्रों में हर 50 से 100 मीटर की दूरी पर डस्टबिन लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
कुल 400 प्लास्टिक के ट्विन डस्टबिन लगाए गए
नगर निगम आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि पिछले एक महीने में कुल 400 प्लास्टिक के ट्विन डस्टबिन लगाए गए हैं। इन डस्टबिनों को गीला और सूखा कचरा अलग-अलग संग्रहित करने के लिए रंगों से चिह्नित किया गया है। हरे डस्टबिन में गीला कचरा (फल-सब्जी के छिलके, बचा व खराब हुआ खाना) और नीले डिस्टबिन में सूखा कचरा (प्लास्टिक की बोटलें, रैपर, डिस्पोजेबल कप, कागज) फेंकने की व्यवस्था की गई है।
साफ-सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उठाया गया कदम
आयुक्त राहुल जैन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें, जिससे कि कचरे का सेग्रीगेशन आसानी से हो सके और रीसाइकिलिंग की प्रक्रिया प्रभावी बन सके। उन्होंने कहा, हमने यह कदम मुख्य बाजारों और पर्यटन स्थलों पर अवैध डंपिंग की समस्या को खत्म करने और साफ-सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उठाया है।







