Indian Railways: कोटा मंडल में त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के दो कोचों में रविवार सुबह आग लगने से हड़कंप मच गया। आपको बता दें कि यह हादसा रविवार सुबह करीब 5.15 बजे कोटा मंडल के लूणी रीछा-विक्रमगढ़ आलोट (मध्य प्रदेश) स्टेशन के बीच का है। जहां ट्रेन के कोच नंबर B-1 और उसके पीछे लगे सेकेंड लगेज कम गार्ड वैन में आग लग गई। हादसे की जानकारी के बाद कोटा जंक्शन पर हूटर बजने लगे और ऐसे में राहत एवं बचाव टीम मौके के लिए रवाना हुई।
वहीं सीनियर डिवीजनल कॉमर्शियल मैनेजर सौरभ जैन ने बताया कि कोच में 68 यात्री सवार थे। आग लगने की खबर गार्ड ने सबसे पहले लोको पायलट को दी गई और फिर इसके बाद ट्रेन को रुकवाया गया। इसके बाद पैसेंजर्स को बाहर निकाला गया। कोच को खाली करवाने में करीब 15 मिनट का समय लग गया। कुछ मिनटों में ही आग पूरे कोच में फैल गई थी। वहीं इस हादसे में राहतभरी खबर यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कुछ पैसेंजर्स का सामान आग में जल गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि त्रिवेंद्रम राजधानी रविवार सुबह करीब 3.45 बजे मध्य प्रदेश के रतलाम जंक्शन से रवाना हुई थी। ट्रेन अगला स्टॉप सुबह 8.45 बजे कोटा जंक्शन था। राजस्थान में एंट्री से पहले विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के पास एसी कोच में आग लग गई। कुछ मिनटों बाद आगे पीछे के लगेज कोच तक पहुंच गई। यहां रखा पैसेंजर्स का सामान आग में जल गया। इस कोच में कोई यात्री नहीं था।
हादसे के बाद से दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर ट्रैफिक को रोका गया है। वहीं, ट्रेन का बिजली कनेक्शन काट दिया गया है। कोच को भी ट्रेन से काटकर अलग किया गया। करीब दो घंटे बाद कोच में लगी आग बुझा ली गई। सौरभ जैन ने बताया कि हादसे के कारण दोनों ओर की 5 से 6 ट्रेनों के शेड्यूल पर असर हुआ है। ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशन पर रोका गया था। जैन ने बताया कि पैसेंजर्स के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए है। जहां से वे ट्रेनों की टाइमिंग को लेकर जानकारी ले सकते हैं।