Indian Railways: जोधपुर से चेन्नई तक सफर करने वालों के लिए अच्छी खबर है। आपको बता दें कि जोधपुर और चेन्नई के बीच अब एक स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। जिसका संचालन हफ्ते में 1 बार होगा। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यह स्पेशल ट्रेन 27 जून से शुरू होगी। यह ट्रेन कुल 5 बार (फेरे) चलाई जाएगी। ऐसे में राजस्थान से दक्षिण भारत (साउथ इंडिया) आने-जाने वाले लोगों को इससे बहुत सुविधा होगी और छुट्टियों में टिकट मिलना आसान हो जाएगा। गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यह फैसला लिया है।
27 जून से दौड़ेगी जोधपुर-चेन्नई स्पेशल ट्रेन
वहीं उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन संख्या 04815, जोधपुर-चेन्नई बीच साप्ताहिक समर हॉलीडे स्पेशल 27 जून से 25 जुलाई तक प्रत्येक शनिवार रात 9.20 बजे जोधपुर से रवाना होगी, जो सोमवार रात 8.00 बजे चेन्नई बीच पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04816, एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-जोधपुर समर हॉलीडे स्पेशल 30 जून से 28 जुलाई तक प्रत्येक मंगलवार शाम 5.15 बजे चेन्नई से प्रस्थान कर गुरुवार रात 8.30 बजे जोधपुर पहुंचेगी।
29 स्टेशनों पर होगा ठहराव
रेलवे के मुताबिक, यह ट्रेन कुल 19 आईसीएफ (ICF) कोच के साथ संचालित होगी। रेक संरचना में 2 सेकंड एसी, 15 श्री टियर एसी कोच तथा 2 एसएलआर (SLR) कोच शामिल किए गए हैं। जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव के अनुसार, यह ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 29 स्टेशनों पर ठहरेगी। इनमें मेड़ता रोड, डेगाना, मकराना, कुचामन, फुलेरा, जयपुर, दुर्गापुरा, सवाई माधोपुर, सोगरिया, बारां, छबड़ा गुगोर, रूठियाई, गुना, बीना, भोपाल, इटारसी, नागपुर, बल्हारशाह, सिरपुर कागजनगर, मंचिरयाल, वारंगल, खम्मम, विजयवाड़ा, बापटला, चिराला, ओंगोल, नेल्लौर, गुडूर और नया दुपेटा शामिल हैं।









